×
 

अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने की दीवानगी, अक्षय कुमार ने सुनाया मजेदार किस्सा; बिग बी के कुर्ते पर गिरा दिया पूरा पानी

अक्षय कुमार ने अमिताभ बच्चन से जुड़ा मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि महानायक को पानी परोसते समय उनका प्रशंसक इतना उत्साहित हुआ कि चार गिलास पानी कुर्ते पर गिर गए।

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की लोकप्रियता कई दशकों से कायम है। उनके प्रशंसकों में आज भी उन्हें करीब से देखने और उनकी एक झलक पाने को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिलता है। अमिताभ से जुड़ा ऐसा ही एक दिलचस्प किस्सा अभिनेता अक्षय कुमार ने हाल ही में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर सुनाया।

अक्षय कुमार और सैफ अली खान अपनी आगामी फिल्म ‘हैवान’ के प्रचार के लिए शो में पहुंचे थे। बातचीत के दौरान अक्षय ने उस समय की घटना याद की, जब अमिताभ बच्चन उनके मुंबई के लोखंडवाला स्थित घर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उनके घर पर काम करने वाला एक व्यक्ति अमिताभ बच्चन का बहुत बड़ा प्रशंसक था।

अक्षय के मुताबिक, वह व्यक्ति मूल रूप से इलाहाबाद का रहने वाला था। जब उसे अचानक अपने सामने सदी के महानायक को देखने और उन्हें पानी परोसने का मौका मिला, तो वह बेहद उत्साहित और घबरा गया। घर में अमिताभ बच्चन के लिए करीब तीन-चार गिलास पानी रखे गए थे।

और पढ़ें: केबीसी 18 में अक्षय कुमार ने अमिताभ बच्चन के साथ किया आग वाला प्रैंक, बिग बी ने दी मजेदार हिदायत

अमिताभ को सामने देखकर वह इतना नर्वस हो गया कि उसके हाथ से पानी के सभी गिलास छूट गए और पूरा पानी महानायक के कुर्ते पर गिर गया। अक्षय ने बताया कि उस समय वह सोचने लगे कि अब क्या होगा। अमिताभ की लंबी कद-काठी को देखते हुए उन्होंने अपना कुर्ता उन्हें पहनने के लिए दे दिया।

अक्षय की यह कहानी सुनकर अमिताभ बच्चन सहित शो में मौजूद सभी लोग हंस पड़े। यह किस्सा अमिताभ की दशकों पुरानी लोकप्रियता और प्रशंसकों की दीवानगी की एक खास झलक पेश करता है।

वहीं, अक्षय और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ का निर्देशन और लेखन प्रियदर्शन ने किया है। यह 2016 में आई मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है। फिल्म में बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं। सैफ दृष्टिबाधित किरदार विभिजीत खुराना के रूप में नजर आएंगे, जबकि अक्षय नकारात्मक भूमिका निभाएंगे। मोहनलाल कैमियो में दिखाई देंगे। फिल्म में दिवंगत अभिनेता असरानी की आखिरी ऑन-स्क्रीन प्रस्तुति भी बताई गई है।

और पढ़ें: केबीसी 18 में अक्षय कुमार ने अमिताभ बच्चन के साथ किया आग वाला प्रैंक, बिग बी ने दी मजेदार हिदायत

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share