29 साल बाद सनी देओल-अक्षय खन्ना की जोड़ी वापसी, नेटफ्लिक्स पर आएगी फिल्म इक्का
नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘इक्का’ में सनी देओल और अक्षय खन्ना 29 साल बाद साथ नजर आएंगे। यह कोर्टरूम थ्रिलर इसी साल रिलीज होगी, लेकिन आधिकारिक रिलीज डेट अभी घोषित नहीं हुई।
नेटफ्लिक्स ने 3 फरवरी को भारत में आने वाली अपनी नई फिल्मों और सीरीज की सूची जारी की, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा सनी देओल और अक्षय खन्ना की फिल्म ‘इक्का’ को लेकर हो रही है। यह फिल्म दो खास वजहों से सुर्खियों में है। पहली, सनी देओल और अक्षय खन्ना 29 साल बाद स्क्रीन पर साथ नजर आएंगे। इससे पहले दोनों ने 1997 की सुपरहिट फिल्म बॉर्डर में साथ काम किया था। दूसरी वजह यह है कि धुरंधर की सफलता के बाद अक्षय खन्ना की यह अगली बड़ी रिलीज है।
फिलहाल नेटफ्लिक्स ने फिल्म का एक प्रोमो जारी किया है, जिससे दर्शकों में रिलीज डेट को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। हालांकि, ओटीटी प्लेटफॉर्म ने स्पष्ट किया है कि फिल्म की सटीक रिलीज तारीख अभी तय नहीं की गई है, लेकिन यह फिल्म इसी साल रिलीज होगी।
नेटफ्लिक्स के अनुसार, इक्का एक कोर्टरूम ड्रामा और थ्रिलर है। कहानी एक ईमानदार और प्रतिष्ठित वकील के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे मजबूरी में एक हत्या के आरोपी का बचाव करना पड़ता है। खास बात यह है कि वही आरोपी उस वकील के करियर को पहले खत्म कर चुका होता है। अब केस जीतने के लिए वकील को हर दांव-पेच अपनाने पड़ते हैं, चाहे वे नैतिक हों या नहीं, क्योंकि हारने पर वह अपनी जिंदगी की सबसे कीमती चीजें खो सकता है।
और पढ़ें: अमिताभ बच्चन का वह एक नियम जिसने निजी और पेशेवर जीवन को रखा हमेशा अलग
फिल्म की टीम ने कहा कि यह कहानी दो कट्टर प्रतिद्वंद्वियों के बीच रोमांचक टकराव दिखाती है, जिसमें भावनात्मक गहराई, पारिवारिक जिम्मेदारी और सिद्धांतों से समझौते की जटिल कहानी है। फिल्म में कई ट्विस्ट और टर्न देखने को मिलेंगे।
इक्का का निर्देशन सिद्धार्थ पी मल्होत्रा ने किया है और इसे अल्थिया कौशल व मयंक तिवारी ने लिखा है। फिल्म में सनी देओल और अक्षय खन्ना के साथ दिया मिर्जा, तिलोत्तमा शोम, संजीदा शेख, शिशिर शर्मा और आकांक्षा रंजन जैसे कलाकार नजर आएंगे।
और पढ़ें: मैं राम आरती भी लिख सकता हूं: बॉलीवुड में सांप्रदायिक बदलाव पर जावेद अख्तर और ए.आर. रहमान की तकरार