रजनीकांत की जेलर 2 की रिलीज डेट का ऐलान, सुपरस्टार का फर्स्ट लुक भी आया सामने
रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर 2' 15 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी। निर्माताओं ने फर्स्ट लुक जारी किया, जबकि फिल्म में कई बड़े सितारे नजर आएंगे।
सुपरस्टार रजनीकांत के प्रशंसकों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। फिल्म 'जेलर 2' के निर्माताओं ने आधिकारिक तौर पर इसकी रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही फिल्म से रजनीकांत की पहली झलक भी जारी की गई है, जिसने सोशल मीडिया पर जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।
निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी यह फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण सन पिक्चर्स ने किया है, जबकि इसका संगीत लोकप्रिय संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है।
जारी किए गए टीज़र में रजनीकांत एक बार फिर अपने चर्चित किरदार 'टाइगर' मुथुवेल पांडियन के रूप में नजर आए हैं। फिल्म में कई दिग्गज कलाकार भी शामिल हैं, जिनमें मोहनलाल, शिव राजकुमार, विजय सेतुपति, मिथुन चक्रवर्ती, एस. जे. सूर्या, रम्या कृष्णन, विद्या बालन और योगी बाबू प्रमुख हैं। रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म में अभिनेता ऋतिक रोशन का कैमियो भी देखने को मिल सकता है, हालांकि निर्माताओं ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कुछ दिन पहले रजनीकांत ने बताया था कि 'जेलर 2' की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है और फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा था कि रिलीज डेट की घोषणा जल्द की जाएगी, जिसे अब आधिकारिक रूप से जारी कर दिया गया है।
रिलीज डेट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों की खुशी देखने लायक रही। कई यूजर्स ने फिल्म को 1000 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली फिल्म बताया, जबकि कुछ ने उत्तर भारत में भी बड़े स्तर पर रिलीज और प्रमोशन की मांग की।
गौरतलब है कि 2023 में रिलीज हुई 'जेलर' ने दुनियाभर में 650 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। यह फिल्म तमिल सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही और 600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली दूसरी सबसे तेज तमिल फिल्म बनी थी।