सौरव गांगुली के किरदार में दिखे राजकुमार राव, दादा बायोपिक के फर्स्ट लुक में लॉर्ड्स की ऐतिहासिक झलक
राजकुमार राव की सौरव गांगुली पर बनी फिल्म 'दादा' का पहला लुक जारी हुआ। अभिनेता ने लॉर्ड्स में गांगुली के ऐतिहासिक जर्सी लहराने वाले अंदाज को दोहराया।
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की जिंदगी पर बन रही बहुप्रतीक्षित बायोपिक 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला लुक जारी कर दिया गया है। फिल्म में सौरव गांगुली का किरदार निभा रहे अभिनेता राजकुमार राव ने अपने शानदार ट्रांसफॉर्मेशन की झलक दिखाई है।
फिल्म निर्माताओं ने बुधवार को सौरव गांगुली के जन्मदिन के मौके पर राजकुमार राव का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया। इसमें अभिनेता को लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान की बालकनी में भारतीय टीम की जर्सी लहराते हुए दिखाया गया है। यह दृश्य साल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद सौरव गांगुली के प्रसिद्ध जश्न की याद दिलाता है।
गांगुली का शर्ट लहराने वाला यह अंदाज भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार पलों में से एक माना जाता है। यह घटना उस आक्रामक और आत्मविश्वासी रवैये का प्रतीक बनी, जिसने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दी।
और पढ़ें: आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने रचाई शादी, मैरिज रजिस्ट्रेशन के बाद पहली तस्वीर आई सामने
यह बायोपिक सौरव गांगुली के शुरुआती क्रिकेट सफर से लेकर भारतीय टीम के सफल कप्तान बनने तक की कहानी दिखाएगी। फिल्म में उनके संघर्ष, नेतृत्व क्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति और उन फैसलों को दर्शाया जाएगा, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट को नई दिशा दी।
राजकुमार राव ने फर्स्ट लुक साझा करते हुए लिखा, "जन्मदिन की शुभकामनाएं हमारे प्यारे दादा।" वहीं सौरव गांगुली ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "सबसे अच्छा तोहफा। आपको मेरा कवर ड्राइव खेलते हुए देखने का इंतजार नहीं कर सकता।"
फिल्म के पोस्टर को लेकर प्रशंसकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई लोगों ने राजकुमार राव के लुक की तारीफ करते हुए फिल्म का इंतजार जताया, जबकि कुछ लोगों ने पोस्टर और लुक को लेकर निराशा भी जाहिर की।
'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' का निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण लव रंजन और अंकुर गर्ग कर रहे हैं। यह फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में 14 मई 2027 को रिलीज होगी।
और पढ़ें: पद्म विभूषण से सम्मानित पंडवानी सम्राट तीजन बाई का निधन, 70 वर्ष की आयु में रायपुर में ली अंतिम सांस