×
 

सत्यजीत रे की अपु ट्रिलॉजी के मुरीद हुए क्रिस्टोफर नोलन, बोले- पाथेर पांचाली ने मेरा नजरिया बदल दिया

ऑस्कर विजेता निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन ने सत्यजीत रे की अपु ट्रिलॉजी की प्रशंसा करते हुए कहा कि 'पाथेर पांचाली' ने उन्हें बेहद प्रभावित किया और वह पूरी अपु ट्रिलॉजी देखने को उत्साहित हैं।

हॉलीवुड के ऑस्कर विजेता निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन ने भारतीय सिनेमा के महान फिल्मकार सत्यजीत रे और उनकी प्रसिद्ध अपु ट्रिलॉजी की जमकर सराहना की है। न्यूयॉर्क स्थित क्राइटेरियन क्लोसेट की अपनी हालिया यात्रा के दौरान नोलन ने सत्यजीत रे की फिल्मों को अपनी पसंदीदा फिल्मों में शामिल किया और कहा कि उनकी पहली फिल्म 'पाथेर पांचाली' ने उन्हें पहली बार देखने पर पूरी तरह से चौंका दिया था।

क्राइटेरियन क्लोसेट द्वारा सोशल मीडिया मंच पर साझा किए गए वीडियो में क्रिस्टोफर नोलन ने सत्यजीत रे को भारत के महानतम फिल्म निर्देशकों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि अपु ट्रिलॉजी की पहली फिल्म 'पाथेर पांचाली' एक अद्भुत सिनेमाई कृति है, जिसने उन पर गहरा प्रभाव छोड़ा।

नोलन ने बताया कि उन्होंने अब तक अपु ट्रिलॉजी का केवल पहला भाग ही देखा है और अब वह इसके दूसरे और तीसरे भाग को देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, "पाथेर पांचाली एक अविश्वसनीय फिल्म है। इसने मुझे पूरी तरह से प्रभावित किया। अब मैं इस अपु ट्रिलॉजी के बाकी दोनों हिस्सों को देखकर इसकी कहानी पूरी करना चाहता हूं।"

सत्यजीत रे की अपु ट्रिलॉजी भारतीय और विश्व सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित फिल्म श्रृंखलाओं में गिनी जाती है। इसमें 'पाथेर पांचाली', 'अपराजितो' और 'अपूर संसार' शामिल हैं। यह अपु ट्रिलॉजी प्रसिद्ध साहित्यकार विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय के उपन्यासों पर आधारित है। 'पाथेर पांचाली' ग्रामीण बंगाल में गरीबी से जूझ रहे छोटे बालक अपू और उसके परिवार की मार्मिक कहानी प्रस्तुत करती है। इस फिल्म को विश्व सिनेमा की कालजयी कृतियों में शामिल किया जाता है।

इस बीच, क्रिस्टोफर नोलन की हालिया निर्देशित फिल्म 'द ओडिसी' 17 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म में मैट डेमन, टॉम हॉलैंड और ऐन हैथवे मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। भारत में फिल्म ने नौ दिनों में 108.20 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि विदेशी बाजारों में इसका कारोबार 1,950 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share