कोरियाई साइंस-फिक्शन थ्रिलर होप की भारत में रिलीज डेट तय, 25 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
दक्षिण कोरियाई साइंस-फिक्शन थ्रिलर ‘होप’ 25 सितंबर 2026 को भारत में रिलीज होगी। फिल्म में होयोन, ह्वांग जोंग-मिन और माइकल फासबेंडर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
दक्षिण कोरियाई साइंस-फिक्शन थ्रिलर फिल्म ‘होप’ अब भारत में रिलीज होने के लिए तैयार है। ‘स्क्विड गेम’ फेम अभिनेत्री होयोन अभिनीत यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को भारतीय सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म का निर्देशन ना होंग-जिन ने किया है और यह करीब एक दशक बाद बड़े पर्दे पर उनकी वापसी है।
‘होप’ को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है। इसकी कहानी, बड़े बजट और स्टारकास्ट ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। रिपोर्ट के अनुसार, यह अब तक बनी सबसे महंगी दक्षिण कोरियाई फिल्मों में से एक है। फिल्म का दक्षिण कोरिया में 15 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में प्रीमियर हुआ था।
भारत में फिल्म को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और कोरियाई भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर कान फिल्म फेस्टिवल में हुआ था। इसमें ह्वांग जोंग-मिन, जो इन-सुंग और होयोन के अलावा हॉलीवुड कलाकार टेलर रसेल, कैमरून ब्रिटन, एलिसिया विकेंडर और माइकल फासबेंडर भी नजर आएंगे।
और पढ़ें: दिशा सालियान की मौत की होगी सीबीआई जांच, बॉम्बे हाई कोर्ट ने एफआईआर दर्ज करने का दिया आदेश
क्या है ‘होप’ की कहानी?
फिल्म की कहानी एक गांव के पुलिस प्रमुख और उसके नए सहायक के इर्द-गिर्द घूमती है। जंगलों में लगी आग के कारण बाहरी दुनिया से संपर्क टूट जाता है। इसी दौरान एक रहस्यमयी जीव गांव के आसपास दिखाई देने लगता है। पुलिस अधिकारी ग्रामीणों की सुरक्षा करने की कोशिश करते हैं।
दूसरी ओर, शिकारियों का एक दल पहाड़ों के अंदर जाता है, लेकिन जल्द ही उन्हें एहसास होता है कि वे शिकार करने नहीं, बल्कि खुद शिकार बनने वाले हैं। फिल्म में डर, अस्तित्व की लड़ाई और इंसानी स्वभाव के अलग-अलग पहलुओं को दिखाया गया है।
निर्देशक ना होंग-जिन ने कहा कि वह कहानी की शुरुआत अज्ञात जीव के सामने आने के डर से करना चाहते थे और फिर इसे अस्तित्व, मानवीय प्रवृत्ति तथा भय के परिणामों की बड़ी कहानी में बदलना चाहते थे।
‘होप’ ना होंग-जिन की करीब 10 साल बाद वापसी है। यह उनकी चौथी लगातार फिल्म है जिसे कान फिल्म फेस्टिवल में आमंत्रित किया गया है। भारत में फिल्म को स्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड रिलीज कर रही है।