जन नायकन के शुरुआती सीन में मुख्यमंत्री विजय का वायरल विधानसभा इशारा, थिएटरों में गूंजे तालियां और सीटियां
विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ के शुरुआती दृश्य में उन्हें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में दिखाया गया। वायरल विधानसभा इशारे के दोहराव पर प्रशंसकों ने थिएटरों में जमकर उत्साह दिखाया।
तमिल सुपरस्टार विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और प्रशंसक इसे किसी उत्सव की तरह मना रहे हैं। फिल्म के पहले ही दिन सुबह के शो हाउसफुल रहे। इसी दौरान फिल्म के शुरुआती दृश्य ने दर्शकों को बड़ा सरप्राइज दिया, जब विजय के किरदार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में पेश किया गया।
फिल्म के शुरुआती हिस्से में कुछ समय के प्रोलॉग के बाद विजय बड़े पर्दे पर नजर आते हैं। उनके चेहरे के साथ “तमिलनाडु मुख्यमंत्री” शब्द दिखाई देते हैं। इसके साथ ही फिल्म में विजय के विधानसभा में किए गए चर्चित हाथ के इशारे को एनिमेटेड रूप में दोहराया गया है। इस दृश्य को देखते ही थिएटरों में मौजूद प्रशंसक तालियों और सीटियों से उत्साहित हो उठे।
यह इशारा पहले तमिलनाडु विधानसभा में विजय के भाषण के दौरान चर्चा में आया था। जून में राज्य विधानसभा में विजय के एक हावभाव की तुलना सोशल मीडिया पर द्रमुक नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के एक पुराने वायरल इशारे से की गई थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हुआ था कि विजय ने जानबूझकर किसी संदर्भ में यह इशारा किया था या यह भाषण के दौरान स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी।
और पढ़ें: दिग्गज फिल्मकार के. भाग्यराज का 73 वर्ष की उम्र में निधन
यह घटना राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान हुई थी। उस समय विधानसभा में सत्तारूढ़ तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) और विपक्षी द्रमुक नेताओं के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली थी। द्रमुक नेताओं ने विजय के भाषण में कई बार हस्तक्षेप किया और सरकार पर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया था। बाद में द्रमुक विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया था।
इस बीच अभिनेत्री त्रिशा भी अपनी मां के साथ चेन्नई में फिल्म देखने पहुंचीं। हालांकि उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया साझा नहीं की, लेकिन उनकी मां ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने फिल्म का आनंद लिया और विजय की आखिरी फिल्म होने की बात से उन्हें दुख है।
फिल्म में सी. जोसेफ विजय, पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, बॉबी देओल और गौतम वासुदेव मेनन अहम भूमिकाओं में हैं। इसका संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है।
और पढ़ें: अमिताभ बच्चन ने बताया- सर्जरी के बाद अस्पताल और आईसीयू में रहे, घर लौटने के बाद का दौर सबसे कठिन