केबीसी 18 में अक्षय कुमार ने अमिताभ बच्चन के साथ किया आग वाला प्रैंक, बिग बी ने दी मजेदार हिदायत
कौन बनेगा करोड़पति 18 के प्रोमो में अक्षय कुमार ने अमिताभ बच्चन के साथ आग वाला प्रैंक किया। बिग बी घबरा गए और अभिनेता को आग से सावधान रहने की हिदायत दी।
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का नया प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शो के आगामी एपिसोड में अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक साथ नजर आने वाले हैं। इसी बीच निर्माताओं ने एक मजेदार प्रोमो जारी किया है, जिसमें अक्षय कुमार, अमिताभ बच्चन के साथ प्रैंक करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उनके मजाक से बिग बी कुछ पल के लिए घबरा जाते हैं।
प्रोमो की शुरुआत में अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार से चार्ली चैप्लिन के प्रति उनकी पसंद के बारे में बात करते हैं। अक्षय बताते हैं कि वह चार्ली चैप्लिन के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। अमिताभ उनसे पूछते हैं कि क्या वह अपने बटुए में चार्ली चैप्लिन की तस्वीर रखते हैं। इस पर अक्षय बताते हैं कि उनके पर्स में अमिताभ बच्चन की तस्वीर भी मौजूद है।
इसके बाद अक्षय अपना बटुआ लेकर अमिताभ के पास पहुंचते हैं। जैसे ही वह पर्स बिग बी को देने की कोशिश करते हैं, उसमें अचानक आग निकलने लगती है। यह देखकर अमिताभ बच्चन घबरा जाते हैं। अक्षय मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि ऐसा कभी-कभी हो जाता है। हालांकि, अपने पर्स में खुद की तस्वीर देखकर अमिताभ खुश भी नजर आते हैं।
और पढ़ें: वरुण धवन ने बॉर्डर 2 का किया बचाव, समय रैना के सवाल पर दिया मजेदार जवाब
इसके बाद अमिताभ बच्चन अक्षय को आग से खिलवाड़ नहीं करने की सलाह देते हैं। वह कहते हैं कि आग के साथ कभी मजाक नहीं करना चाहिए। अक्षय भी हंसते हुए स्पष्ट करते हैं कि उनका मजाक सिर्फ अमिताभ बच्चन के साथ था।
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का यह प्रोमो दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। अक्षय कुमार और अमिताभ बच्चन की यह मजेदार केमिस्ट्री सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। शो के निर्माताओं के मुताबिक, नया एपिसोड दर्शकों के लिए मनोरंजन से भरपूर होने वाला है।
और पढ़ें: कैलाश खेर के नए गीत ‘थम जा’ में प्रेम और विरह की भावनाओं की झलक