×
 

कौन बनेगा करोड़पति 18 के साथ लौटेंगे अमिताभ बच्चन, इस बार होगा सोचना पड़ेगा का नया ट्विस्ट

अमिताभ बच्चन 'कौन बनेगा करोड़पति 18' के होस्ट के रूप में लौट रहे हैं। 10 अगस्त से शुरू होने वाले नए सीजन की थीम 'सोचना पड़ेगा' रखी गई है।

सोनी टीवी का लोकप्रिय क्विज़ शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) अपने 18वें सीजन के साथ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने जा रहा है। इस बार भी शो की मेजबानी महानायक अमिताभ बच्चन करेंगे। नए सीजन की खास थीम 'सोचना पड़ेगा' रखी गई है, जिसका उद्देश्य प्रतियोगियों को केवल रटे हुए जवाबों के बजाय तर्क, विश्लेषण और समझ के आधार पर सही उत्तर देने के लिए प्रेरित करना है।

शो के निर्माताओं ने नए सीजन के पहले प्रोमो जारी किए। इन प्रोमो में दिखाया गया है कि आज के डिजिटल दौर में लगभग हर सवाल का जवाब मोबाइल फोन पर आसानी से मिल जाता है, लेकिन सही निर्णय लेने और उत्तर तक पहुंचने के लिए सोचने-समझने की क्षमता सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।

प्रोमो में अमिताभ बच्चन कहते हैं, "आजकल जवाब हर जगह मिल जाता है, यहां तक कि आपकी जेब में भी। यानी आपके मोबाइल फोन में। लेकिन इस बार 'कौन बनेगा करोड़पति' में सिर्फ जवाब याद रखने से काम नहीं चलेगा, सही उत्तर तक पहुंचने के लिए आपको सोचना पड़ेगा।"

और पढ़ें: विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म जन नायकन की रिलीज डेट तय, 23 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में आएगी

'कौन बनेगा करोड़पति 18' का प्रसारण 10 अगस्त 2026 से रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर शुरू होगा। इसके नए एपिसोड सोमवार से शुक्रवार तक प्रसारित किए जाएंगे। टीवी के अलावा दर्शक इस शो को सोनी लिव पर भी ऑनलाइन देख सकेंगे।

निर्माताओं का कहना है कि इस बार शो का उद्देश्य केवल ज्ञान की परीक्षा लेना नहीं है, बल्कि प्रतिभागियों की तार्किक क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और परिस्थितियों का विश्लेषण करने की समझ को भी परखना है। यही वजह है कि पूरे अभियान को 'सोचना पड़ेगा' थीम के साथ पेश किया गया है।

'कौन बनेगा करोड़पति' भारतीय टेलीविजन का सबसे लोकप्रिय क्विज़ शो माना जाता है और अमिताभ बच्चन की मेजबानी इसकी सबसे बड़ी पहचान रही है। नए सीजन के प्रोमो सामने आने के बाद दर्शकों में शो को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share