नालंदा में काजल राघवानी की कार पर भीड़ का हमला, ईंट से शीशा तोड़ा
नालंदा के बिहार शरीफ में शोरूम उद्घाटन के दौरान काजल राघवानी को देखने उमड़ी भीड़ बेकाबू हो गई। उनकी फॉर्च्यूनर का शीशा टूट गया और अभिनेत्री सुरक्षित बाहर निकलीं।
बिहार के नालंदा जिले में भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी की कार पर भीड़ के हमले का मामला सामने आया है। काजल राघवानी बिहार शरीफ में एक शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंची थीं। उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई।
जानकारी के मुताबिक, भीड़ ने अभिनेत्री की फॉर्च्यूनर कार को घेर लिया। लोग उनकी एक झलक पाने के लिए कार पर हाथ और ईंट से हमला करने लगे। इस दौरान कार का शीशा टूट गया। मौके पर पुलिस बल मौजूद था, लेकिन भीड़ काफी ज्यादा होने के कारण स्थिति संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम के आयोजकों और बाउंसरों की मदद से काजल राघवानी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया गया कि उन्हें पहले बेसमेंट ले जाया गया और फिर पीछे के रास्ते से बाहर निकाला गया। इसके बाद चालक ने तेज रफ्तार से कार को वहां से निकाला।
और पढ़ें: दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के घर दूसरी बार गूंजी किलकारी, बेटी का हुआ जन्म
काजल के साथ आए बाउंसरों ने बताया कि पटना से 12-13 बाउंसर पहुंचे थे, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर अपेक्षा से काफी अधिक भीड़ जमा हो गई थी। बाउंसरों ने किसी तरह उनके लिए रास्ता बनाया और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।
कार्यक्रम के संयोजक के अनुसार, काजल राघवानी करीब डेढ़ घंटे तक समारोह में मौजूद रहीं। उनके आने की जानकारी आसपास के लोगों को मिलते ही बड़ी संख्या में प्रशंसक वहां पहुंच गए, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
आयोजक ने प्रशासन के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। बाउंसरों और आयोजकों की सूझबूझ से अभिनेत्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में काजल राघवानी के सुरक्षित होने की जानकारी है।
और पढ़ें: परिवार के साथ सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे रणवीर-दीपिका, बेबी बंप के साथ नजर आईं अभिनेत्री