अमेज़न प्राइम डे अब जुलाई नहीं, जून में हो सकता है आयोजित: रिपोर्ट
रिपोर्ट के अनुसार अमेज़न इस साल प्राइम डे सेल को जुलाई की जगह जून के अंत में आयोजित करने की योजना बना रहा है, ताकि दूसरी तिमाही की बिक्री को बढ़ावा मिल सके।
दुनिया की दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेज़न.कॉम अपने लोकप्रिय शॉपिंग इवेंट ‘प्राइम डे’ की तारीख बदलने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी इस साल प्राइम डे सेल को जुलाई की बजाय जून के अंत में आयोजित करने की योजना बना रही है। एक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है, हालांकि अमेज़न ने इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
प्राइम डे अमेज़न का एक बड़ा वार्षिक शॉपिंग इवेंट है, जिसमें कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स और कई अन्य उत्पादों पर भारी छूट दी जाती है। आमतौर पर यह सेल जुलाई में आयोजित होती रही है। वर्ष 2015 में इसकी शुरुआत के बाद से प्राइम डे ज्यादातर जुलाई में ही आयोजित किया गया, केवल कोविड-19 महामारी के दौरान दो साल इसके समय में बदलाव किया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, यदि इस साल प्राइम डे को जून के अंत में आयोजित किया जाता है, तो इसकी बिक्री अमेज़न की दूसरी तिमाही (अप्रैल–जून) के वित्तीय परिणामों में शामिल होगी। आमतौर पर कंपनी की दूसरी तिमाही 30 जून को समाप्त होती है।
पिछले साल अमेज़न ने प्राइम डे को दो दिनों की जगह चार दिनों तक बढ़ा दिया था। इस दौरान अमेरिका के विभिन्न रिटेल प्लेटफॉर्म्स पर लगभग 24.1 अरब डॉलर की ऑनलाइन खरीदारी हुई थी, जो पिछले साल की तुलना में करीब 30 प्रतिशत अधिक थी।
हालांकि, हाल के वर्षों में अमेज़न को अन्य रिटेल कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। वॉलमार्ट और टारगेट जैसी कंपनियां भी बड़े डिस्काउंट इवेंट आयोजित कर रही हैं और डिजिटल ऑर्डर डिलीवरी तथा सेम-डे डिलीवरी सेवाओं में तेजी से निवेश कर रही हैं।
वॉलमार्ट ने हाल ही में बताया कि उसके ई-कॉमर्स कारोबार का योगदान तेजी से बढ़ रहा है और तीन घंटे से कम समय में डिलीवरी सेवा का उपयोग करने वाले ग्राहकों की संख्या 2026 वित्तीय वर्ष में 60 प्रतिशत से अधिक बढ़ गई है।
और पढ़ें: Adobe के CEO शांतनु नारायण पद छोड़ेंगे, AI चुनौतियों के बीच कंपनी के शेयर गिरे