आग लगाकर तीसरी मंजिल से कूदी 23 वर्षीय महिला की मौत, बच्चे की कस्टडी को लेकर तनाव में थी
दिल्ली के हरि नगर में 23 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर खुद को आग लगाकर तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस के अनुसार, वह वैवाहिक विवाद और बच्चे की कस्टडी को लेकर तनाव में थी।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के हरि नगर इलाके में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 23 वर्षीय लक्ष्मी नामक महिला की कथित तौर पर आत्महत्या के मामले में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी ने पहले खुद को आग लगाई और फिर अपने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला आग की लपटों में घिरी हुई इमारत की तीसरी मंजिल से नीचे कूद गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला लंबे समय से वैवाहिक विवाद और अपने बेटे की कस्टडी को लेकर मानसिक तनाव में थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतका के पिता जहान सिंह ने पूछताछ में बताया कि लक्ष्मी की शादी राजेंद्र से हुई थी और दोनों का एक बेटा है। वर्ष 2023 में पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद लक्ष्मी अपने पिता के साथ हरि नगर स्थित घर में रहने लगी थी।
और पढ़ें: महाराष्ट्र में भूकंप के चार झटकों से दहशत, नांदेड़-हिंगोली सीमा रातभर हिली
पिता के अनुसार, लक्ष्मी उत्तम नगर स्थित एक कपड़ों की दुकान में काम करती थी, लेकिन घटना से चार-पांच दिन पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि बेटी अपने बच्चे की देखभाल और कस्टडी को लेकर काफी तनाव में रहती थी। हालांकि, उन्होंने इस मामले में किसी भी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया।
जांच के दौरान घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रख दिया है। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
और पढ़ें: डीआरडीओ ने पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल परीक्षण किया, आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा