कुलगाम आतंकी हमले में घायल दूसरे मजदूर की भी मौत, सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम आतंकी हमले में घायल दूसरे मजदूर की भी मौत हो गई। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू किया।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में घायल दूसरे मजदूर की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। श्रीनगर स्थित एसकेआईएमएस अस्पताल में शनिवार को उसने अंतिम सांस ली। इसके साथ ही इस हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
यह हमला शुक्रवार देर शाम कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाकर किया गया। आतंकवादियों ने मजदूरों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक मजदूर दीपक रात्रे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे घायल ने शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
दोनों मृतक मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे और उनकी उम्र करीब 20 वर्ष के आसपास बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आतंकियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और अन्य वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से बात की तथा आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाने के लिए अभियान जारी है। उन्होंने इस कायराना हमले को मानवता पर हमला बताया।
गौरतलब है कि कुलगाम की यह घटना हाल ही में अनंतनाग में एक पुलिस अधिकारी की आतंकियों द्वारा हत्या किए जाने के दस दिन के भीतर हुई है। इससे पहले वर्ष 2024 में श्रीनगर के शहीद गंज इलाके में पंजाब के दो गैर-स्थानीय मजदूर अमृतपाल सिंह और रोहित मसीह की भी आतंकियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। लगातार हो रहे ऐसे हमलों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
और पढ़ें: ईरान के विदेश मंत्री अराघची से जयशंकर की बातचीत, जहाजों पर हमले रोकने की अपील