व्हाइट हाउस डिनर में गोलीबारी पर ओबामा की निंदा, ट्रंप का नाम लेने से परहेज
व्हाइट हाउस डिनर में गोलीबारी के बाद ओबामा ने हिंसा की निंदा की। एक अधिकारी घायल हुआ, आरोपी गिरफ्तार हुआ, जबकि ट्रंप ने घटना को लेकर चिंता नहीं जताई।
व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बाद पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हिंसा की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक समाज में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और ऐसी घटनाएं चिंताजनक हैं। हालांकि, अपने बयान में उन्होंने वर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम नहीं लिया।
यह घटना उस समय हुई जब इस प्रतिष्ठित वार्षिक कार्यक्रम में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने पुष्टि की कि सभी प्रमुख अतिथि सुरक्षित हैं, लेकिन स्थिति को संभालते समय एक सीक्रेट सर्विस अधिकारी घायल हो गया।
ओबामा ने सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई और साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की मंशा अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन सभी को हिंसा के खिलाफ एकजुट होना चाहिए। उन्होंने घायल अधिकारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
और पढ़ें: व्हाइट हाउस डिनर से पहले कैरोलिन लीविट का शॉट्स फायर होंगे बयान वायरल, गोलीबारी के बाद विवाद गहराया
इस मामले में पुलिस ने 31 वर्षीय कोल टोमस एलेन को गिरफ्तार किया है, जो कैलिफोर्निया का निवासी बताया जा रहा है। जांचकर्ताओं के अनुसार, उसने घटना से पहले अपने परिवार को संदिग्ध संदेश भेजे थे, जिनमें उसने खुद को “फ्रेंडली फेडरल असैसिन” बताया था। इन संदेशों को अब जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में राजनीतिक कारणों की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि आरोपी कुछ सरकारी नीतियों से नाराज था और उसने हालिया सरकारी कार्रवाइयों का भी जिक्र किया था।
वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने एक साक्षात्कार में कहा कि वह इस घटना के दौरान चिंतित नहीं थे और स्थिति को समझने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दुनिया आज अनिश्चितताओं से भरी हुई है और ऐसे हालात में सतर्क रहना जरूरी है।
और पढ़ें: व्हाइट हाउस डिनर फायरिंग से उभरी पुरानी यादें, रीगन पर हमले से की जा रही तुलना