पुतिन यूक्रेन पर परमाणु हमला करने वाले थे, पीएम मोदी ने रोका: पोलैंड के मंत्री का बड़ा दावा
पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव बार्तोशेव्स्की ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में रूस को यूक्रेन में सामरिक परमाणु हथियारों के इस्तेमाल से रोकने में अहम भूमिका निभाई।
पोलैंड के उप विदेश मंत्री व्लादिस्लाव तेओफिल बार्तोशेव्स्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीतिक भूमिका को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के अंत में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन में सामरिक परमाणु हथियारों के इस्तेमाल पर विचार कर रहे थे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें ऐसा करने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बार्तोशेव्स्की ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री मोदी की बातों को गंभीरता से सुनते हैं और उनके विचारों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि रूस के साथ भारत के लंबे समय से चले आ रहे संबंधों के कारण नई दिल्ली के पास मॉस्को पर कूटनीतिक प्रभाव है।
पोलैंड के मंत्री ने कहा, "भारत के रूस और पहले सोवियत संघ के साथ दशकों पुराने संबंध हैं। राष्ट्रपति पुतिन वास्तव में प्रधानमंत्री मोदी की बातों पर ध्यान देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी उन कुछ नेताओं में शामिल हैं, जिनका प्रभाव रूस के राष्ट्रपति पर पड़ता है। अगर भारत इस प्रभाव का इस्तेमाल करता है तो वह रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।"
उन्होंने भारत की विदेश नीति और वैश्विक मामलों में उसकी संतुलित भूमिका की भी सराहना की। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भारत का रुख उचित है, क्योंकि एक बड़ी अर्थव्यवस्था होने के नाते भारत तेल और प्राकृतिक गैस की निर्बाध आपूर्ति पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि पोलैंड भी ईरान के साथ बातचीत जारी रखे हुए है और संकट का समाधान कूटनीतिक तरीके से निकालने का समर्थन करता है।
गौरतलब है कि रूस-यूक्रेन युद्ध फरवरी 2022 में शुरू हुआ था और अब तक जारी है। हाल ही में सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम में राष्ट्रपति पुतिन ने भारत को "महान देश" बताया था और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की स्वतंत्र विदेश नीति की प्रशंसा की थी।
पुतिन ने कहा था कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर सभी देशों के साथ संबंध मजबूत कर रहा है। उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति की भी सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री मोदी सरकार की नीतियों और लगातार प्रयासों का परिणाम है।
और पढ़ें: स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर 16 साल बाद फीफा विश्व कप फाइनल में बनाई जगह