×
 

शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 121 अंक टूटा; निफ्टी 23,400 के नीचे बंद

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक ब्याज दरों की चिंता से भारतीय शेयर बाजार गिरा। सेंसेक्स 121 अंक टूटा, निफ्टी 23,400 के नीचे बंद हुआ, रुपया लगातार कमजोर हुआ।

शेयर बाजार में शुक्रवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच गिरावट दर्ज की गई। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक स्तर पर ब्याज दरें ऊंची रहने की आशंका के कारण निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर रहा। धातु और रियल्टी शेयरों में भारी बिकवाली ने बाजार पर दबाव बनाया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 120.83 अंक यानी 0.16 प्रतिशत गिरकर 74,781.76 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 74,917.15 के उच्चतम और 74,160.16 के निचले स्तर तक गया। इस तरह दिनभर में इसमें 756.99 अंकों का उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

इसी तरह एनएसई का निफ्टी 79.70 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,398.10 पर बंद हुआ। व्यापक बाजार में भी मिला-जुला रुख रहा। बीएसई मिडकैप सिलेक्ट इंडेक्स 0.07 प्रतिशत चढ़ा, जबकि स्मॉलकैप सिलेक्ट इंडेक्स 0.67 प्रतिशत गिर गया।

और पढ़ें: शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 593 अंक टूटा; निफ्टी 23,300 के नीचे

क्षेत्रीय सूचकांकों में निफ्टी मेटल 2.30 प्रतिशत और निफ्टी रियल्टी 2.70 प्रतिशत टूटे। वहीं निफ्टी प्राइवेट बैंक 0.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ बेहतर प्रदर्शन करने वाला प्रमुख क्षेत्र रहा।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, एटरनल और इंफोसिस बढ़त में रहे। एचडीएफसी बैंक के शेयर में 2.02 प्रतिशत की तेजी आई। दूसरी ओर टाटा स्टील, रिलायंस, सन फार्मा, बजाज फाइनेंस और एनटीपीसी में गिरावट रही। टाटा स्टील 1.67 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।

इस बीच भारतीय रुपया लगातार चौथे कारोबारी सत्र में कमजोर हुआ। कच्चे तेल की महंगी कीमतों और बढ़ती बॉन्ड यील्ड के बीच रुपये में 15 मई के बाद सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट दर्ज हुई। रुपया करीब 95.5 रुपये प्रति डॉलर के स्तर तक कमजोर हुआ।

विशेषज्ञों के मुताबिक, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और वैश्विक यील्ड का दबाव निकट अवधि में भारतीय बाजार और रुपये के लिए चुनौती बना रह सकता है।

और पढ़ें: 10 सितंबर 2026 शेयर बाजार अपडेट: कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सेंसेक्स गिरा, निफ्टी 15 अंक चढ़ा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share