शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 550 अंक चढ़ा और निफ्टी 23,900 के पार, कच्चे तेल की कीमतों में 5% गिरावट का असर
अमेरिका-ईरान के बीच हमलों में विराम और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारतीय शेयर बाजार में तेजी आई। सेंसेक्स 550 अंक और निफ्टी 23,900 के पार पहुंचा।
भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार 27 जुलाई 2026 को मजबूत शुरुआत की। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतों में करीब 5 प्रतिशत गिरावट के चलते घरेलू इक्विटी सूचकांकों सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी देखने को मिली।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 549.21 अंक या 0.72 प्रतिशत बढ़कर 76,608.98 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 ने 160.95 अंकों की बढ़त के साथ 23,928.40 अंक पर कारोबार शुरू किया। पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 76,059.77 अंक और निफ्टी 23,767.45 अंक पर बंद हुआ था।
व्यापक बाजार में भी खरीदारी का रुख देखने को मिला। बीएसई मिडकैप सिलेक्ट इंडेक्स में 234.46 अंकों की बढ़त दर्ज की गई, जबकि बीएसई स्मॉलकैप सिलेक्ट इंडेक्स 89.85 अंक या 1.05 प्रतिशत बढ़कर 8,677.49 अंक पर पहुंच गया।
और पढ़ें: सेंसेक्स 183 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,100 के पार पहुंचा; आईटी शेयरों में तेजी से बाजार को मिला सहारा
शुरुआती कारोबार में बाजार की स्थिति सकारात्मक रही। एनएसई पर 2,093 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि 317 शेयरों में गिरावट रही। वहीं, 141 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
चॉइस ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च-टेक्निकल रिसर्च) सचिन गुप्ता ने कहा कि बाजार महत्वपूर्ण सपोर्ट स्तरों को बनाए रखने के बाद स्थिर होने की कोशिश कर रहा है। वैश्विक सकारात्मक संकेत और घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी बाजार की धारणा को मजबूत कर सकती है। हालांकि, 24,000 के स्तर के आसपास प्रतिरोध और बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
गिफ्ट निफ्टी ने भी बाजार की सकारात्मक शुरुआत के संकेत दिए थे। यह पिछले बंद स्तर 23,828 की तुलना में 72.5 अंकों की बढ़त के साथ 23,900.50 पर खुला।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 24 जुलाई को भारतीय बाजार में 3,892.77 करोड़ रुपये की बिकवाली की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,453.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
एशियाई बाजारों में भी ज्यादातर जगह तेजी रही। जापान का निक्केई 225 0.23 प्रतिशत बढ़ा, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग 0.79 प्रतिशत ऊपर रहा। हालांकि, दक्षिण कोरिया का कोस्पी गिरावट में कारोबार कर रहा था। शंघाई का एसएसई कंपोजिट इंडेक्स भी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ हरे निशान में रहा।
और पढ़ें: वैश्विक तनाव से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 344 अंक लुढ़का, निफ्टी 24,100 के नीचे खुला