×
 

जोमैटो ने एनालॉग व्यंजनों पर लगाई रोक, नियम नहीं मानने वाले रेस्तरां होंगे सूची से बाहर

जोमैटो ने अपने मंच पर एनालॉग पनीर, चीज और अन्य डेयरी उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई है। नियम तोड़ने वाले रेस्तरां को मंच से हटाया जा सकता है।

खाद्य वितरण मंच जोमैटो ने सोमवार को अपने मंच पर सूचीबद्ध रेस्तरां द्वारा एनालॉग खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर सख्त रुख अपनाया है। कंपनी ने एनालॉग चीज, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों समेत ऐसे व्यंजनों की बिक्री पर शून्य-सहिष्णुता नीति लागू करने की घोषणा की है। जोमैटो ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन नहीं करने वाले रेस्तरां साझेदारों को अपने मंच से हटाने का अधिकार उसके पास सुरक्षित रहेगा।

एनालॉग खाद्य पदार्थ ऐसे उत्पाद होते हैं, जिनमें पारंपरिक सामग्री के स्थान पर सस्ती या वैकल्पिक सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। उदाहरण के तौर पर असली दूध या चीज की जगह वनस्पति तेल अथवा अन्य विकल्पों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इन उत्पादों को इस तरह तैयार किया जाता है कि उनका रूप, स्वाद या बनावट पारंपरिक खाद्य पदार्थों जैसी दिखाई दे।

जोमैटो का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब देश में खाद्य सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है। महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा राज्यभर में कथित तौर पर की गई कार्रवाई के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हुई है।

और पढ़ें: मानकों पर खरा नहीं: एवरेस्ट और लालजी गोधू को हींग पाउडर बेचने पर FSSAI ने लगाई रोक

इसके अलावा, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने दिल्ली के पांच सितारा होटलों में भी खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर निरीक्षण किए हैं। इन घटनाओं के बीच खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपभोक्ताओं को दी जाने वाली जानकारी की पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जोमैटो की नई नीति का उद्देश्य ग्राहकों को उनके द्वारा ऑर्डर किए गए खाद्य पदार्थों की सामग्री को लेकर स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराना और खाद्य गुणवत्ता संबंधी मानकों के पालन को बढ़ावा देना है। कंपनी ने संकेत दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले रेस्तरां के खिलाफ मंच पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

और पढ़ें: अधिक वसा, नमक और चीनी वाले खाद्य उत्पादों पर लाल चेतावनी लेबल का प्रस्ताव

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share