×
 

अजमेर में बुजुर्ग दंपति से लूट की कोशिश, नकली पिस्तौल दिखाकर छीनी सोने की चेन

अजमेर में बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग दंपति से चेन लूटने की कोशिश की। नकली पिस्तौल दिखाकर चेन छीनी, लेकिन शोर मचने पर एक आरोपी पकड़ा गया।

राजस्थान के अजमेर में बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी से घर लौट रहे बुजुर्ग दंपति को लूटने की कोशिश की। वारदात के दौरान बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, रिटायर्ड डॉक्टर महेंद्र जैन और उनकी पत्नी एवं रिटायर्ड शिक्षिका सुमित्रा जैन वैशाली नगर से अपने घर सिविल लाइंस जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उनकी स्कूटी का पीछा किया। बदमाशों ने सुमित्रा जैन के गले से चेन तोड़ने की कोशिश की, लेकिन पहली बार वे सफल नहीं हो सके।

इसी दौरान सड़क पर स्पीड ब्रेकर आने और बदमाशों के झपटने से दोनों वाहनों का संतुलन बिगड़ गया। बुजुर्ग दंपति और बदमाश सड़क पर गिर पड़े। हालांकि, बदमाशों ने हार नहीं मानी। वे उठकर दोबारा दंपति के पास पहुंचे और नकली पिस्तौल दिखाकर डराने लगे।

और पढ़ें: जयपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, पति ने सोते समय पत्नी और तीन बेटियों की पत्थर की सिल से हत्या की

इसके बाद बदमाशों ने सुमित्रा जैन के गले से सोने की चेन तोड़ ली। दंपति ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख एक बदमाश भागने में सफल रहा, जबकि दूसरे को लोगों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने मौके से बदमाशों की बाइक और नकली पिस्तौल भी बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है। घटनास्थल से बुजुर्ग दंपति का घर महज करीब 100 मीटर की दूरी पर था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

और पढ़ें: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में एस. जयशंकर ने नाइजीरिया और क्यूबा के विदेश मंत्रियों से की चर्चा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share