हत्या स्थल पर ले जाया गया अयातुल्ला अली खामेनेई का ताबूत, सुरक्षा कारणों से अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे मोजतबा खामेनेई
अयातुल्ला अली खामेनेई का ताबूत उनके हत्या स्थल पर ले जाया गया। वहीं, सुरक्षा कारणों से उनके पुत्र मोजतबा खामेनेई अंतिम संस्कार समारोह में शामिल नहीं होंगे।
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को शुक्रवार को उस स्थान पर ले जाया गया, जहां उनकी हत्या हुई थी। ईरान ने बताया कि बिना किसी पूर्व घोषणा के आयोजित इस कार्यक्रम में खामेनेई के ताबूत को उनके शहादत स्थल पर ले जाया गया, जहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्यक्रम पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। ताबूत को हत्या स्थल पर ले जाकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और सीमित संख्या में अधिकारियों एवं धार्मिक नेताओं की मौजूदगी रही।
इसी बीच, पूर्व सर्वोच्च नेता के पुत्र मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। भारत में ईरान के वर्तमान सर्वोच्च नेतृत्व के प्रतिनिधि अयातुल्ला हकीम इलाही ने बताया कि मोजतबा खामेनेई ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अंतिम संस्कार समारोह से दूरी बनाए रखने का निर्णय लिया है।
बताया गया कि ईरान की सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें सार्वजनिक रूप से अंतिम संस्कार में शामिल न होने की सलाह दी है। मौजूदा हालात और संभावित सुरक्षा खतरों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, उन्होंने अपने पिता को निजी तौर पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।