नेपाल की विनाशकारी बाढ़ में असम का युवक लापता, मृतकों की संख्या बढ़कर 579 हुई
नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद असम का एक युवक शतदल नाथ लापता है। हादसे में 579 लोगों की मौत हुई, जबकि करीब 1,500 लोग अब भी लापता हैं।
नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में मृतकों की संख्या बढ़कर 579 हो गई है, जबकि करीब 1,500 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इनमें 320 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। इस बीच असम के होजाई जिले का एक युवक भी बाढ़ के बाद से लापता है।
लापता युवक की पहचान शतदल नाथ के रूप में हुई है। वह होजाई जिले के डबोका इलाके के हिंदू ब्लॉक गांव का रहने वाला है। शतदल करीब आठ महीने पहले रोजगार के सिलसिले में नेपाल गया था और वहां एक बिजली आपूर्ति कंपनी में काम कर रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, शतदल ने घटना वाली रात अपनी ड्यूटी पूरी की थी। इसके बाद वह अपने ठिकाने पर लौटकर सो गया। इसी दौरान अचानक आई तेज बाढ़ ने उसके कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। पानी का तेज बहाव कमरे को ही बहाकर ले गया। बताया जा रहा है कि उसी आवास में रह रहे करीब 14 अन्य लोग भी बाढ़ के तेज बहाव में बह गए।
शतदल का सहकर्मी गौतम दास, जो डबोका का ही रहने वाला है, हादसे के समय ड्यूटी पर था। इसलिए वह बाढ़ की चपेट में आने से बच गया। बाद में नेपाल वायुसेना ने उसे सुरक्षित बचा लिया।
गौतम ने फोन पर अपने परिवार को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद से शतदल के परिवार की चिंता बढ़ गई है और वे लगातार उसके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
शतदल के रिश्तेदार सुमित दास ने बताया कि परिवार ने कंपनी के पर्यवेक्षक से संपर्क किया, लेकिन उनके पास भी शतदल के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। परिवार को आश्वासन दिया गया है कि कोई सूचना मिलते ही उन्हें बताया जाएगा। शतदल के लापता होने की खबर से परिवार सदमे में है और उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहा है।