बदलापुर में ज्वेलर का अपहरण, पत्नी से पिस्टल की नोक पर 79 ग्राम सोना लूटा; दुकान में भी तोड़फोड़
महाराष्ट्र के बदलापुर में गिरवी रखे गहने बेचने से नाराज आरोपियों ने ज्वेलर का अपहरण किया और पत्नी से 79 ग्राम सोना लूटा। बाद में दुकान में तोड़फोड़ की।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदलापुर में अपराध की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि गिरवी रखे सोने के गहने बेचने से नाराज कुछ लोगों ने पहले ज्वेलर का अपहरण किया और फिर उसकी पत्नी से पिस्टल की धमकी देकर 79 ग्राम सोने के गहने लूट लिए। इसके बाद पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी मिलने पर आरोपियों ने ज्वेलरी की दुकान में तोड़फोड़ भी कराई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है।
बदलापुर पश्चिम के वालीवली नाका इलाके में भीम सिंह खरवत की भैरव ज्वेलर्स नाम से दुकान है। आरोप के मुताबिक, 15 अगस्त को अक्षय भोपी, युवराज भोपी और उनके कुछ साथियों ने दुकान से भीम सिंह का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। उन्हें एरंजद इलाके में ले जाया गया और पिस्टल दिखाकर डराया गया।
आरोपियों ने ज्वेलर को छोड़ने के बदले उसकी पत्नी से 79 ग्राम सोने के आभूषण ले लिए। घटना के बाद भीम सिंह पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे।
और पढ़ें: नेपाल बाढ़ में पूर्व रेल मंत्री मुकुल रॉय की बहू शर्मिष्ठा भी लापता, 288 भारतीयों से संपर्क नहीं
शिकायत की जानकारी मिलते ही दुकान में तोड़फोड़
पुलिस के मुताबिक, अक्षय भोपी को जब पता चला कि भीम सिंह पुलिस से शिकायत करने वाले हैं, तो उसने 25 अगस्त को कुछ लोगों को ज्वेलरी की दुकान में भेजा। उस समय भीम सिंह दुकान में मौजूद थे। आरोपियों ने कथित तौर पर दुकान में तोड़फोड़ कर भय का माहौल पैदा करने की कोशिश की।
बताया गया है कि पूरा विवाद दुकान में ग्राहकों द्वारा गिरवी रखे गए गहनों को बेचने को लेकर शुरू हुआ था। आरोपियों का दावा था कि ज्वेलर ने उनके गिरवी रखे गहने बेच दिए थे, जिससे वे नाराज थे।
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में बदलापुर पश्चिम पुलिस थाने में जबरन वसूली, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक किशोर शिंदे ने इसकी पुष्टि की है।
उल्हासनगर क्राइम ब्रांच ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश गज्जल के अनुसार, पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
और पढ़ें: नेपाल बाढ़ त्रासदी पर नेपाल-चीन में आरोप-प्रत्यारोप, भूकंप या ग्लेशियर ढहने से आई तबाही?