×
 

ओडिशा के बालासोर में बंदूक की नोक पर पेट्रोल पंप से लूट, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

ओडिशा के बालासोर में दो बदमाशों ने बंदूक की नोक पर पेट्रोल पंप से नकदी लूट ली। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

ओडिशा के बालासोर जिले में बंदूक की नोक पर पेट्रोल पंप से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के बस्ता क्षेत्र स्थित दराड़ा के एक पेट्रोल पंप पर दो बाइक सवार बदमाशों ने हथियार के बल पर कर्मचारी को धमकाकर नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे हुई। दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से पेट्रोल पंप पर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी के पास पहुंचते ही उन्होंने बंदूक निकालकर उसे डराया-धमकाया। हथियार देखकर कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए वहां से भाग गया। इसके बाद दोनों बदमाशों ने काउंटर में रखी नकदी पर कब्जा किया और कुछ ही क्षणों में मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

और पढ़ें: राम मंदिर दान चोरी मामले में बड़ा खुलासा, अनुकल्प मिश्रा और साले की करोड़ों की संपत्तियां जांच के दायरे में

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि दोनों आरोपी पहले से वारदात की योजना बनाकर आए थे। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए जा सकें। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है।

और पढ़ें: मुंबई में मूसलाधार बारिश से भांडुप में सड़क धंसी, जलभराव में कार और टेंपो डूबे; आईएमडी का रेड अलर्ट जारी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share