पश्चिम बंगाल: सुवेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में यूपी-बिहार से तीन हिरासत में
पश्चिम बंगाल पुलिस ने सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बिहार और उत्तर प्रदेश से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ कर रही है।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार और उत्तर प्रदेश से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, इन सभी को देर रात पश्चिम बंगाल लाकर पूछताछ की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि एक आरोपी द्वारा टोल प्लाजा पर यूपीआई के जरिए ऑनलाइन भुगतान किए जाने के बाद पुलिस को उनकी गतिविधियों का सुराग मिला, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ी। हिरासत में लिए गए लोगों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और हत्या में उनकी भूमिका की पुष्टि करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए दो आरोपी बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा आरोपी उत्तर प्रदेश के बलिया का निवासी है और वर्तमान में बक्सर में रह रहा था।
और पढ़ें: कुंभ राशि में चंद्रमा का गोचर, राहुकाल और शनि-मंगल के प्रभाव से सभी 12 राशियों पर असर
पुलिस जल्द ही इस मामले में आधिकारिक बयान जारी कर सकती है, जिसमें हत्या के पीछे के मकसद और जांच से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा की जाएंगी।
गौरतलब है कि चंद्रनाथ रथ की 6 मई की रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित डोलतला इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के कार्यकारी सहायक थे।
हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा किया और रास्ते में उसे रोककर करीब से गोली मार दी।
इस हमले में उनके ड्राइवर को भी गोली लगी, जिसे गंभीर हालत में कोलकाता के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।