×
 

पेड़ से बांधकर जिंदा जलाया, 54 दिन बाद चंडीगढ़ की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की मौत

चंडीगढ़ की 28 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की गंभीर झुलसने के बाद पीजीआई में मौत हो गई। मां की शिकायत पर पुलिस ने हत्या और अपहरण का मामला दर्ज किया।

चंडीगढ़ की 28 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की 54 दिनों तक इलाज के बाद मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसी मनजीत ने 26 अगस्त को चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में दम तोड़ दिया। आरोप है कि उसे चंडीगढ़ से अगवा कर मोहाली के मोरिंडा ले जाया गया, जहां आरोपियों ने उसे पेड़ से बांधकर आग लगा दी।

मनजीत की मौत के बाद उनकी मां कांता देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर चंडीगढ़ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद मनजीत का सात वर्षीय बेटा भी अपनी मां से हमेशा के लिए दूर हो गया।

कांता देवी के अनुसार, 3 जुलाई की देर रात मनजीत को उसकी परिचित शुभी और पिंडा ने चंडीगढ़ के सेक्टर-34 में एक शराब की दुकान के पास मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद दोनों ने कथित तौर पर उसे जबरन कार में बैठाया और मोरिंडा ले गए।

और पढ़ें: नासिक में शराब और जुए की लत को लेकर महिला ने की लिव-इन पार्टनर की हत्या, 18 घंटे घर में रखा शव

आरोप है कि दोनों मनजीत को एक सुनसान वन क्षेत्र में ले गए और शहतूत के पेड़ से बांधकर आग लगा दी। घटना के बाद मनजीत के परिचित एक व्यक्ति ने मौके पर पहुंचकर कंबल की मदद से आग बुझाई। उसे पहले मोरिंडा के अस्पताल ले जाया गया, फिर मोहाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। 9 जुलाई को उसे आगे के इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

मनजीत कई सप्ताह तक बेहोश रहीं। 5 अगस्त को उन्हें कुछ होश आया और उन्होंने परिवार को कथित घटना के बारे में बताया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई और 26 अगस्त को उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मनजीत मोहाली के सेक्टर-123 स्थित सनी एन्क्लेव की निवासी थीं। वह तलाकशुदा थीं और उनका सात साल का बेटा है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 1.46 लाख फॉलोअर्स थे। वह पंजाबी और हरियाणवी गानों पर रील्स बनाती थीं और कॉस्मेटिक उत्पादों से जुड़ी सामग्री भी साझा करती थीं। यूट्यूब पर भी उनके करीब 4,000 सब्सक्राइबर थे।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और उनके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मनजीत का एक आरोपी के साथ लिव-इन संबंध था। पुलिस ने संदिग्धों के बारे में सुराग मिलने का दावा किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

और पढ़ें: गया में पत्नी की हत्या के बाद पति ने काटी हाथ की नसें, बंद कमरे में मिला महिला का शव

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share