×
 

छिंदवाड़ा में बैंक डकैती की कोशिश नाकाम, पुलिस पर सुतली बम से हमला, घायल एसआई ने आरोपी को दबोचा

छिंदवाड़ा में बैंक ऑफ इंडिया में डकैती की कोशिश पुलिस ने विफल कर दी। सुतली बम हमले में एसआई घायल हुए, लेकिन आरोपी को पकड़ लिया गया। सोना और नकदी सुरक्षित रहे।

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में परासिया मार्ग स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में शनिवार सुबह डकैती की बड़ी कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से करोड़ों रुपये का सोना और नकदी सुरक्षित बचा ली गई। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को अवकाश होने के कारण बैंक बंद था और वहां कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। इसी का फायदा उठाकर बदमाश रात में गैस कटर, हथौड़े, छैनी और सुतली बम लेकर बैंक पहुंचे। उन्होंने बैंक का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया और लॉकर तक पहुंचने की कोशिश की।

शटर कटा देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बिना सायरन बजाए मौके पर पहुंची और बैंक को चारों ओर से घेर लिया।

और पढ़ें: लियोनेल मेसी ने रचा इतिहास, लगातार सात विश्व कप मैचों में गोल दागकर बनाया नया रिकॉर्ड

खुद को घिरा देख मुख्य आरोपी ने पुलिस पर लगातार सुतली बम फेंके, जिससे बैंक परिसर धुएं से भर गया। इसके बाद उसने सबूत मिटाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड रूम में आग लगा दी। इसी बीच आरोपी भागने लगा, लेकिन उप निरीक्षक (एसआई) नारायण बघेल ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। आरोपी ने नुकीले हथियार से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। बावजूद इसके, एसआई नारायण बघेल ने बहादुरी दिखाते हुए साथी पुलिसकर्मियों की मदद से आरोपी को दबोच लिया।

इसके बाद पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक बैंक परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। बैंक प्रबंधन ने पुष्टि की कि स्ट्रॉन्ग रूम, लॉकर में रखा सोना और पूरी नकदी सुरक्षित है तथा बदमाश लॉकर तक नहीं पहुंच सके।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अजय पांडे मौके पर पहुंचे। एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है।

और पढ़ें: मध्य प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी कलह: जीतू पटवारी के 500 करोड़ के घोटाले के आरोप, दिग्विजय सिंह ने खंडन किया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share