×
 

दिल्ली के अमर कॉलोनी में 10वीं के छात्र को गोली मारी, सिर में फंसी बुलेट; हालत गंभीर

दिल्ली के अमर कॉलोनी में ब्लू बेल्स स्कूल के 10वीं के छात्र को झगड़े के बाद गोली मारी गई, एक गोली सिर में फंसी, हालत गंभीर, पुलिस जांच जारी है।

दक्षिण दिल्ली के अमर कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां प्रतिष्ठित ब्लू बेल्स स्कूल के कक्षा 10 के छात्र को झगड़े के बाद गोली मार दी गई। घटना के समय छात्र अपनी महिला सहपाठी के साथ एक स्थानीय फूड पॉइंट पर बैठा था।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र और उसकी मित्र खाना खा रहे थे, तभी पास बैठे तीन युवकों से उनका मामूली विवाद हो गया। बताया जाता है कि उनमें से एक युवक गलती से पीड़ित की कुर्सी से टकरा गया, जिस पर छात्र ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई जो कुछ ही मिनटों में बढ़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के बाद वह समूह वहां से चला गया लेकिन लगभग 4 से 5 मिनट बाद वापस लौटा। लौटने पर उनमें से एक युवक ने अचानक फायरिंग कर दी जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

और पढ़ें: बाहरी दिल्ली में 60 वर्षीय सुरक्षा गार्ड की बेरहमी से हत्या, मामला दर्ज

इस हमले में छात्र को दो गोली लगी, जिनमें से एक गोली उसके सिर में फंस गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत घायल छात्र को मूलचंद अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति बेहद नाजुक बताई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह घटना कथित तौर पर प्रेम संबंध से जुड़ी हो सकती है। बताया जा रहा है कि आरोपी भी इसी स्कूल का कक्षा 10 का छात्र है, जिसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित के पिता छतरपुर एन्क्लेव इलाके में एक लॉन्ड्री चलाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

और पढ़ें: दिल्ली के नेहरू प्लेस में पूर्वोत्तर की दो महिलाओं से छेड़छाड़, नस्लीय टिप्पणियों से मचा बवाल

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share