दिल्ली में पिता ने 10 महीने की बेटी की हत्या कर रची अपहरण की साजिश, गिरफ्तार
दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में आर्थिक तंगी से परेशान पिता ने अपनी 10 महीने की बेटी की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में छिपा दिया।
दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने कथित तौर पर अपनी 10 महीने की बेटी की हत्या कर दी और बाद में उसके अपहरण की झूठी कहानी रच दी। पुलिस ने आरोपी दीपक (25) को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 24 मई को बच्ची के कथित अपहरण की शिकायत मिली थी। आरोपी दीपक ने पुलिस को बताया था कि वह दूध और बिस्कुट खरीदने के लिए घर से बाहर गया था और उसी दौरान उसकी बेटी का अपहरण हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़े स्तर पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान इलाके और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। हालांकि पुलिस को दीपक के बयान में कई विरोधाभास मिले। बाहरी उत्तरी जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दीपक की कही गई बातों की पुष्टि नहीं हुई। फुटेज में वह कहीं बाहर जाता दिखाई नहीं दिया, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।
और पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने आनंद पर्वत में अंधा हत्या मामला सुलझाया, दो गिरफ्तार
दीपक के पिता ने भी पुलिस को बताया कि उनका बेटा घर लौटकर बोला था कि बच्ची गायब है। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से तलाश शुरू की गई लेकिन बच्ची नहीं मिली। फिर पुलिस को सूचना दी गई।
वहीं दीपक की पत्नी सूर्या ने पुलिस को बताया कि पति के बाहर जाने के बाद वह और उनकी बड़ी बेटी अचानक बेहोश हो गए थे। लगातार पूछताछ के दौरान दीपक टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने आर्थिक तंगी के कारण यह कदम उठाया। उसने बताया कि वह दूसरी बेटी की परवरिश का खर्च उठाने में खुद को असमर्थ महसूस कर रहा था। आरोपी ने बच्ची का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के सेप्टिक टैंक में छिपा दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बच्ची का शव बरामद कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।
और पढ़ें: दिल्ली में बढ़ती चाकूबाजी की वारदातें: गौतम विहार में 16 वर्षीय किशोर की हत्या