×
 

दिल्ली की महिला को 200 करोड़ की रंगदारी की धमकी, कॉलर ने खुद को बताया गैंगस्टर गोल्डी बराड़

दिल्ली की महिला से विदेशी नंबर पर 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और पति समेत हत्या की धमकी दी गई। पुलिस गोल्डी बराड़ के नाम के इस्तेमाल की जांच कर रही है।

दिल्ली में करीब 50 वर्षीय एक महिला को व्हाट्सऐप कॉल के जरिए 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विदेशी नंबर से आए कॉल में आरोपी ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ बताया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह दिल्ली में अब तक मांगी गई सबसे बड़ी रंगदारी की रकम है।

महिला सिविल लाइंस इलाके में रहती हैं और वहां उनकी पैतृक संपत्ति है। पुलिस के अनुसार, उन्हें 7 सितंबर की रात करीब 10:44 बजे एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल आया। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को गोल्डी बराड़ बताया और दावा किया कि उसके पास महिला और उनके परिवार के बारे में पूरी जानकारी है।

आरोपी ने महिला से 200 करोड़ रुपये देने की मांग की। पैसे नहीं देने पर महिला और उनके पति की हत्या करने की धमकी दी गई। शुरुआत में महिला ने धमकी को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन बाद में दोबारा धमकी भरी कॉल आने के बाद उन्होंने सिविल लाइंस थाने में शिकायत की।

और पढ़ें: दिल्ली के फतेहपुर बेरी में जिम ट्रेनर की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार दो हमलावरों ने 15 राउंड किए फायर

प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने 10 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 351(4), 308(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। जिला पुलिस और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि धमकी वास्तव में गोल्डी बराड़ ने दी थी या किसी ने व्यक्तिगत अथवा संपत्ति विवाद के चलते उसके नाम का इस्तेमाल किया।

कौन है गोल्डी बराड़?

गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है और वह पंजाब के मुक्तसर साहिब का रहने वाला है। वह 2022 में गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में आरोपी है। वर्ष 2024 में भारत ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत उसे आतंकवादी घोषित किया था। पुलिस अब धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने में जुटी है।

और पढ़ें: दिल्ली में अपराध की तीन बड़ी घटनाओं से हड़कंप, कारोबारी के घर से 2.5 करोड़ की चोरी, रोहिणी में पुलिस पर 11 राउंड फायरिंग

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share