कोयंबटूर में नशे में धुत नाबालिग ने महिला से छेड़छाड़ की, आवारा कुत्तों ने दौड़ाकर भगाया
कोयंबटूर में नशे में धुत 16 वर्षीय नाबालिग पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगा। आवारा कुत्तों के भौंकने और पीछा करने पर आरोपी भाग निकला।
तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक नाबालिग लड़के द्वारा कथित तौर पर महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के दौरान सड़क पर मौजूद आवारा कुत्तों ने भौंककर और लड़के को दौड़ाकर महिला को बचाने में मदद की। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग कुत्तों के व्यवहार की सराहना कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 3 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे थुडियालूर इलाके में हुई। 16 वर्षीय आरोपी कथित तौर पर शराब के नशे में था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर किशोर गृह भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर नाबालिग महिला की ओर बढ़ता और उसके साथ जबरदस्ती करता दिखाई देता है। इसी दौरान वहां मौजूद आवारा कुत्ते लगातार भौंकने लगे और आरोपी के पैरों को खरोंचने लगे। कुत्तों के लगातार विरोध के कारण आरोपी ने महिला को छोड़ दिया और वहां से भागने लगा। इसके बाद कुत्तों ने उसका पीछा कर उसे दूर तक दौड़ा दिया।
और पढ़ें: मंडी में अधिकारियों पर भड़कीं कंगना रनौत, बोलीं- बेहद लापरवाह और अक्षम लोग कुर्सियों पर बैठे हैं
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, जांच में पता चला कि 30 वर्षीय महिला को हल्का विकासात्मक विकार है। अधिकारी ने बताया कि महिला रात में अपने घर से बाहर निकली थी, तभी आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना से पहले आरोपी ने एक दुकान में कथित तौर पर तोड़फोड़ करने के बाद उसमें आग लगा दी थी। पुलिस ने दुकान में आग लगाने की घटना की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की, जिसमें महिला के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया।
पुलिस ने नाबालिग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 75 और 79 के तहत कार्रवाई की है। ये धाराएं महिला की गरिमा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल प्रयोग, यौन उत्पीड़न तथा महिला की गरिमा का अपमान करने वाले शब्द, इशारे या कृत्य से संबंधित हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
और पढ़ें: 13 साल बाद श्रीराम कॉलेज लौटे पीएम मोदी, 2013 के गिलास पूरा भरा है भाषण की यादें ताजा