×
 

डूंगरपुर की महिला वकील का आरोप: समाज के पंचों ने मांगी 21 लाख रुपये की रंगदारी, सुरक्षा की लगाई गुहार

डूंगरपुर की महिला अधिवक्ता ने समाज के पंचों पर 21 लाख रुपये की रंगदारी, सामाजिक बहिष्कार और कई जानलेवा हमलों का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सुरक्षा मांगी है।

राजस्थान के डूंगरपुर जिले के रामसागड़ा थाना क्षेत्र के माड़ा गांव की रहने वाली एक महिला अधिवक्ता ने समाज के पंचों और मुखियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वर्तमान में दिल्ली में रहकर न्यायिक सेवा (ज्यूडिशियरी) परीक्षा की तैयारी कर रही पीड़िता ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर परिवार की सुरक्षा तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार, विवाद की शुरुआत 10 अगस्त 2015 को हुई थी। उस दिन उनके भाई रिंकू उर्फ जितेंद्र लबाना अपने दो मित्रों राजू और जमनालाल के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। पुलिस नाकाबंदी देखकर भागने के दौरान दोनों युवक एक बिना मुंडेर वाले कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद समाज के कुछ प्रभावशाली लोगों ने रिंकू पर घटना में संलिप्त होने का आरोप लगाया और नार्को टेस्ट कराने की मांग की।

महिला अधिवक्ता का दावा है कि नार्को टेस्ट में कोई दोष साबित नहीं होने के बावजूद समाज के पंचों ने परिवार को दोबारा समाज में शामिल करने के लिए 21 लाख रुपये का दंड मांगा। इस पूरे घटनाक्रम के सदमे में उनके पिता प्रभुलाल लबाना और मामा बंशीलाल लबाना की हृदयाघात से मृत्यु हो गई।

और पढ़ें: उडुपी में दर्दनाक सड़क हादसा: हाईवे पार कर रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, मौत

पीड़िता ने आरोप लगाया कि वर्ष 2015 से अब तक उनका परिवार सामाजिक बहिष्कार का सामना कर रहा है। उन्होंने कई बार जानलेवा हमलों का भी आरोप लगाया। रक्षाबंधन 2015 पर उनके घर को जलाने की कोशिश की गई, जबकि वर्ष 2016 में उनके साथ कथित रूप से मारपीट और अभद्रता की गई। वर्ष 2023 में उनकी मां लसी देवी के साथ भी मारपीट हुई।

उन्होंने बताया कि 17 जून 2026 को उनके चाचा तेजपाल और मां पर कथित रूप से लाठियों, पत्थरों और ज्वलनशील पदार्थ से हमला किया गया। पीड़िता ने माड़ा, गामड़ी, लोड़वाड़ा, बिछीवाड़ा, आड़ीवाली, मांडवी, मुंगाना, मोर और पादर सहित 11 गांवों के पंचों तथा नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।

और पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: एसआईटी की जांच में फूलकांत मिश्रा समेत कई लोग रडार पर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share