×
 

फिरोजाबाद में उधार चाउमीन न देने पर दबंगई, तमंचा लहराने वाले युवक को लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

फिरोजाबाद में उधार चाउमीन नहीं मिलने पर युवक ने दुकानदार से मारपीट की और तमंचा लहराया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से दबंगई का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां महज उधार में चाउमीन नहीं देने पर एक युवक ने दुकानदार के साथ मारपीट की और खुलेआम देशी तमंचा लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश की। हालांकि इस बार स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

यह मामला फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में झील की पुलिया के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, विमल नाम का युवक चाउमीन की दुकान पर पहुंचा और दुकानदार से उधार में चाउमीन देने की मांग की। जब दुकानदार ने उधार देने से इनकार कर दिया तो युवक नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा।

कुछ देर बाद आरोपी युवक अपने कुछ साथियों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसके साथी देशी तमंचे से लैस थे। उन्होंने दुकान के पास पहुंचकर खुलेआम तमंचा लहराना शुरू कर दिया और धमकियां देने लगे। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

और पढ़ें: जिम्बाब्वे दौरे के लिए रवाना हुई टीम इंडिया, वीवीएस लक्ष्मण संभालेंगे हेड कोच की जिम्मेदारी

आरोपियों की इस हरकत के दौरान दो लोग संजय और विकास घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दबंगों का विरोध किया। तमंचा देखकर डरने के बजाय लोगों ने एक आरोपी को घेर लिया और उसे पकड़ लिया।

आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की मौके पर ही पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी को तमंचा लहराते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद स्थानीय लोग उसे पकड़ लेते हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपी की पहचान विमल के रूप में हुई है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। 

और पढ़ें: एच. डी. देवगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा देवी गौड़ा का अंतिम संस्कार माविनाकेरे में रंगनाथ स्वामी बेट्टा की तलहटी में होगा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share