×
 

हिसार कोर्ट के बाहर गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की गोली मारकर हत्या, 12 राउंड फायरिंग

हरियाणा के हिसार में कोर्ट की सुनवाई के लिए पहुंचे गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। करीब 12 राउंड गोलियां चलीं।

हरियाणा के हिसार में गुरुवार को कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। यहां सुनवाई के लिए पहुंचे गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने कोर्ट के गेट के पास विनोद पानू पर करीब 12 राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

घटना के समय विनोद पानू कोर्ट में किसी मामले की सुनवाई के लिए पहुंचा था। जैसे ही वह कोर्ट परिसर के गेट के पास आया, मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से कोर्ट के आसपास अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस के अनुसार, मृतक विनोद पानू उर्फ काना हिसार के कुख्यात और मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों में शामिल था। उसके खिलाफ करीब 40 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें हत्या जैसे गंभीर अपराध भी शामिल हैं।

और पढ़ें: हांसी में जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प, एसपी समेत कई पुलिसकर्मी घायल

हमलावरों ने वारदात को बेहद तेजी से अंजाम दिया। फायरिंग के बाद वे बाइक से मौके से निकल गए। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस फिलहाल घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

कोर्ट जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके के बाहर गैंगस्टर की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

और पढ़ें: पंचकूला में रिटायर्ड कैप्टन की पत्नी हत्या मामले में मेड समेत तीन गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share