×
 

गया में रसगुल्ला बना 8 साल के बच्चे की मौत की वजह, गले में फंसने से गई जान

गया में आठ वर्षीय शिवम कुमार की रसगुल्ला गले में फंसने से मौत हो गई। खाते समय दौड़ने के दौरान गिरने से उसकी सांस रुक गई और अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हुई।

बिहार के गया जिले में एक दर्दनाक हादसे में आठ साल के बच्चे की मौत हो गई। बोधगया थाना क्षेत्र के सोनू बिगहा गांव में रविवार रात रसगुल्ला खाते समय बच्चा दौड़ने लगा। इसी दौरान वह गिर पड़ा और रसगुल्ला उसके गले में फंस गया। सांस रुकने से उसकी हालत गंभीर हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान सोनू बिगहा निवासी बच्चू यादव के आठ वर्षीय बेटे शिवम कुमार के रूप में हुई है। शिवम अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा है।

बच्चे के पिता बच्चू यादव ने बताया कि घर में रसगुल्ले रखे हुए थे। शिवम की मां ने उसे रसगुल्ला खाने से मना किया था, लेकिन उसने रसगुल्ला मुंह में डाल लिया और दौड़ने लगा। अचानक पैर फिसलने से वह जमीन पर गिर गया। गिरते ही रसगुल्ला उसके गले में अटक गया और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी।

और पढ़ें: विशाखापत्तनम में शिक्षक की कथित पिटाई के बाद 6 साल के बच्चे की मौत, कक्षा का सीसीटीवी वीडियो सामने आया

परिजन तुरंत शिवम को बोधगया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन एंबुलेंस से उसे लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में उसकी स्थिति और बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद शिवम के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने छोटे बच्चों को खाना खिलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है। विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों को खाते समय दौड़ने या खेलने से रोकना चाहिए, क्योंकि गले में भोजन फंसने से दम घुटने का खतरा हो सकता है।

और पढ़ें: वैशाली में बड़ा नाव हादसा, महात्मा गांधी सेतु के पास नाव पलटी, 10 लोगों के सवार होने की सूचना

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share