गाजियाबाद में मुठभेड़ के बाद दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की ब्रेजा और तमंचा बरामद
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी की ब्रेजा कार, तमंचा, कारतूस बरामद हुए।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई स्वाट टीम अपराध शाखा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से इंदिरापुरम इलाके से चोरी की गई ग्रे रंग की ब्रेजा कार, एक तमंचा, दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को कनावनी पुलिया के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध ब्रेजा कार को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार को पीछे मोड़कर भागने की कोशिश की। इसी दौरान कार सड़क किनारे जाकर टकरा गई।
इसके बाद कार में सवार दोनों युवक वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस का दावा है कि भागते समय आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। इस दौरान कार चला रहे गुड्डू कुमार, उम्र 43 वर्ष, के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसके साथी छोटू कुमार, उम्र 36 वर्ष, को भी गिरफ्तार कर लिया।
और पढ़ें: दिल्ली की मॉडल की हत्या का आरोपी जिम ट्रेनर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, गुड्डू कुमार मूल रूप से नेपाल के त्रिशूली जिले का रहने वाला है और वर्तमान में पटना में रह रहा था। उसका साथी छोटू कुमार भी पटना का निवासी बताया गया है।
जांच में सामने आया कि बरामद ब्रेजा कार इंदिरापुरम क्षेत्र से चोरी की गई थी और इस संबंध में थाने में मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गुड्डू ने पटना में शराब तस्करी और गुरुग्राम में वाहन चोरी के मामलों में जेल जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
और पढ़ें: बिहार सरकार देगी भरत तिवारी के परिवार को आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी, पुलिस मुठभेड़ में हुई थी मौत