गुना में नशे में हंगामा करने वाला पुलिसकर्मी निलंबित, वायरल वीडियो के बाद एसपी ने की कार्रवाई
गुना में नशे में हंगामा और आम लोगों से बदसलूकी के आरोप में पुलिस आरक्षक मनोज वर्मा निलंबित हुआ। वायरल वीडियो के बाद विभागीय जांच शुरू हुई।
मध्य प्रदेश के गुना में नशे में धुत एक पुलिस आरक्षक द्वारा हंगामा करने और आम लोगों के साथ बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 869 मनोज वर्मा की ड्यूटी गुना के सर्किट हाउस में वीआईपी ड्यूटी के लिए लगाई गई थी। बताया गया कि रात करीब 11:30 बजे वह एक अन्य आरक्षक के साथ ड्यूटी छोड़कर बिना अनुमति नयापुरा क्षेत्र में पहुंच गया। ममता डेयरी के पास कथित तौर पर अत्यधिक नशे की हालत में उसने हंगामा किया और आम नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, आरक्षक के पास उसकी सरकारी राइफल भी थी, जिसे उसने कथित तौर पर नशे की हालत में वहीं फेंक दिया। उसके साथ मौजूद दूसरे आरक्षक ने राइफल को संभाला। सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह हंगामा करता रहा।
और पढ़ें: आगर मालवा में उफनते नाले में बही कार, 3 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौत
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हितिका वासल ने निलंबन आदेश जारी किया। आदेश के मुताबिक, आरक्षक को ड्यूटी से बिना सूचना अनुपस्थित रहने और आमजन के साथ अशोभनीय व्यवहार करने के मामले में मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के उल्लंघन का दोषी पाया गया है।
निलंबन अवधि में उसका मुख्यालय पुलिस लाइन, गुना रहेगा और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक रहेगी। एसपी ने बताया कि मामले की विभागीय जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें: मध्य प्रदेश में 16 अक्टूबर से पेट्रोल पंपों पर 2,000 रुपये से ज्यादा के यूपीआई भुगतान पर रोक