×
 

सीतापुर होटल में हरदोई की अनुपमा पांडेय की रहस्यमयी मौत, आत्महत्या या हत्या की जांच में जुटी पुलिस

सीतापुर के होटल में हरदोई निवासी अनुपमा पांडेय का शव मिला। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है।

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक होटल के कमरे में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान हरदोई जिले के आवास विकास क्षेत्र निवासी 47 वर्षीय अनुपमा पांडेय के रूप में हुई है। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या फिर हत्या।

जानकारी के अनुसार, सीतापुर शहर के पॉश इलाके स्थित होटल राजस्थानी के कमरा नंबर 201 से शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अनुपमा पांडेय का शव बरामद किया गया। होटल संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए।

बताया जा रहा है कि अनुपमा पांडेय 8 जुलाई से होटल में ठहरी हुई थीं। वह अपने ससुराल लखीमपुर खीरी से हरदोई जाने के लिए निकली थीं, लेकिन वह घर न जाकर सीतापुर के होटल में रुक गईं। शुक्रवार को जब काफी समय तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। कमरा अंदर से बंद होने के कारण उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खोला गया, जहां महिला का शव बिस्तर पर मिला।

और पढ़ें: दलित छात्र की हत्या पर खड़गे ने योगी सरकार को घेरा, कांग्रेस नेताओं को रोकने पर उठाए सवाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के पिता और बहन होटल पहुंचे। परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतका की बहन का आरोप है कि अनुपमा का अपने पति अमित पांडेय से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पुलिस अब होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि 8 जुलाई के बाद कमरे में कौन-कौन लोग आए और गए। होटल कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

और पढ़ें: वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई, सड़क चौड़ीकरण के लिए मस्जिदों के ध्वस्तीकरण का दूसरा दिन

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share