×
 

नेपाल की बाढ़ के बीच भारत ने भेजी 10 टन मानवीय सहायता, राहत-बचाव अभियान जारी

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत ने 10 टन राहत सामग्री और जरूरी दवाइयां भेजीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एस जयशंकर ने नेपाल को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत ने मानवीय सहायता बढ़ाते हुए पड़ोसी देश के लिए 10 टन मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) सामग्री और जरूरी दवाइयां भेजी हैं। यह सहायता बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जारी राहत और बचाव अभियानों में मदद के लिए भेजी गई है।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में नेपाल और उसके लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। नेपाल के भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ से रसुवा और आसपास के इलाकों में भारी तबाही हुई है। अब तक कम से कम 95 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

राहत अभियान के लिए वायुसेना के विमान तैयार

भारतीय वायुसेना ने भी नेपाल में संभावित राहत अभियान के लिए अपने परिवहन विमानों को तैयार रखा है। इनमें सी-17, सी-130जे और सी-295 विमान शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, राहत सामग्री लेकर सी-130जे विमान के नेपाल रवाना होने की तैयारी की गई।

और पढ़ें: नेपाल दौरे पर सेना प्रमुख धीरज सेठ, गोरखा भर्ती और भारत-नेपाल सैन्य संबंधों पर रहेगी नजर

105 भारतीयों के लापता होने की खबर

बाढ़ के बाद नेपाल में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। नेपाल पर्यटन बोर्ड के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के बाद करीब 105 भारतीय नागरिकों के लापता होने की सूचना है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े पर्यटन और यात्रा कंपनियों से मिली शुरुआती जानकारी पर आधारित हैं और इनमें बदलाव संभव है।

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के पीएम से की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से फोन पर बात की। उन्होंने बाढ़ में हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की और नेपाल को हरसंभव मानवीय सहायता देने का भरोसा दिलाया। दोनों देशों की टीमें राहत और बचाव कार्यों में समन्वय कर रही हैं।

भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नेपाल स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावित भारतीयों को जल्द सुरक्षित निकालने के प्रयासों में जुटा है। दूतावास ने सहायता के लिए +977 985 131 6807, +977 970 910 7500 और +977 981 032 6117 नंबर जारी किए हैं। भारतीय नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सहायता या अपने परिजनों से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

और पढ़ें: राहुल ने सरकार को प्रभावी ढंग से घेरा, नेतृत्व काफी आगे बढ़ा: संजय राउत

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share