×
 

इंदौर में तेज रफ्तार एसयूवी ने सुरक्षा गार्ड को कुचला, विवाद के बाद हत्या का आरोप; दो गिरफ्तार

इंदौर में कॉलोनी के भीतर तेज रफ्तार एसयूवी चलाने से रोकने पर विवाद हुआ। आरोप है कि चालक ने दोबारा लौटकर सुरक्षा गार्ड और उसकी पत्नी को कुचल दिया।

मध्य प्रदेश के इंदौर में तेज रफ्तार एसयूवी चलाने से रोकने पर हुए विवाद के बाद एक सुरक्षा गार्ड को कथित तौर पर वाहन से कुचलकर मार डालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एसयूवी चालक और उसके साथ मौजूद एक महिला को गिरफ्तार किया है।

घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा कुमावत (31) और सेजल उर्फ शालिनी (29) के रूप में हुई है। लसूड़िया थाने के प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि घटना के बाद दोनों आरोपी इंदौर से फरार होने की तैयारी में थे। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा गार्ड धर्मेंद्र मालवीय (30) बुधवार रात शहर की एक आवासीय कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर अपने परिवार के साथ बैठे थे। इसी दौरान राजा कुमावत तेज रफ्तार से एसयूवी चलाते हुए कॉलोनी के अंदर पहुंचा।

और पढ़ें: आंध्र प्रदेश के पलनाडु में बस और ऑटो की भीषण टक्कर, 7 लोगों की मौत, 6 घायल

धर्मेंद्र ने कथित तौर पर उसे कॉलोनी में तेज गति से वाहन चलाने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। पुलिस के अनुसार, विवाद के बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वह दोबारा लौटा और इस बार पहले से भी अधिक तेज रफ्तार में एसयूवी चलाते हुए धर्मेंद्र को टक्कर मार दी।

वाहन की चपेट में धर्मेंद्र की 28 वर्षीय पत्नी ज्योति भी आ गईं। गंभीर चोट लगने के कारण धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ज्योति घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

और पढ़ें: पुंछ में खाई में गिरी गाड़ी, छह लोगों की मौत; तीन घायल, बच्चे की हालत गंभीर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share