ईरान की सख्त चेतावनी: अमेरिका से फिर भड़क सकता है युद्ध, सेना हाई अलर्ट पर
ईरान ने अमेरिका पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि युद्ध फिर शुरू हो सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।
ईरान ने अमेरिका और इज़राइल के साथ बढ़ते तनाव के बीच बड़ा बयान देते हुए कहा है कि युद्ध फिर से शुरू हो सकता है। ईरानी सैन्य मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मोहम्मद जाफर असदी ने आरोप लगाया कि अमेरिका अपने वादों पर कायम नहीं है, जिससे संघर्ष दोबारा भड़कने की आशंका बढ़ गई है।
मोहम्मद जाफर असदी ने कहा कि अमेरिका के हालिया बयान और गतिविधियां यह दर्शाती हैं कि वह कूटनीतिक प्रयासों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिकी रणनीति मुख्य रूप से मीडिया और तेल की कीमतों को नियंत्रित करने पर केंद्रित है।
असदी ने स्पष्ट किया कि ईरान की सशस्त्र सेनाएं पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी संभावित हमले या तनाव बढ़ने की स्थिति में जवाब देने के लिए हाई अलर्ट पर हैं। उन्होंने अमेरिका को “नए साहसिक कदम” उठाने से बचने की चेतावनी भी दी।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच पिछले तीन हफ्तों से एक नाजुक युद्धविराम लागू है। हालांकि हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के शांति प्रस्ताव को खारिज कर दिया, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।
इसी बीच अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों को चेतावनी दी है कि यदि वे सुरक्षित मार्ग के बदले ईरान को भुगतान करते हैं, तो उन पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। यह जलमार्ग वैश्विक तेल और गैस व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जहां से लगभग 20 प्रतिशत ऊर्जा आपूर्ति गुजरती है।
ईरान द्वारा इस मार्ग पर जहाजों से शुल्क लेने की व्यवस्था को लेकर अमेरिका ने सख्त रुख अपनाया है और 13 अप्रैल से नौसैनिक नाकेबंदी शुरू कर दी है। इसके कारण कई जहाजों को वापस लौटना पड़ा है।
स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है और वैश्विक स्तर पर इसके प्रभाव की आशंका जताई जा रही है।
और पढ़ें: ट्रम्प बोले—होर्मुज़ जलडमरूमध्य ईरान के बिना भी खोला जाएगा, शांति वार्ता से पहले बड़ा बयान