×
 

जमशेदपुर में जनगणना कर्मी बनकर घर में घुसे बदमाश, महिला को बंधक बनाकर लूटे जेवर

जमशेदपुर में बदमाशों ने जनगणना कर्मी बनकर फ्लैट में प्रवेश किया और महिला को बंधक बनाकर मारपीट की। आरोपी सोने की चेन और कान की बाली लूटकर फरार हो गए।

झारखंड के जमशेदपुर में सोमवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में बदमाशों ने खुद को जनगणना विभाग का कर्मचारी बताकर एक फ्लैट में प्रवेश किया और वहां अकेली मौजूद महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की।

जानकारी के अनुसार, लीलावती अम्मा के घर पहले एक महिला पहुंची। उसने खुद को जनगणना विभाग की कर्मचारी बताया और घर में बातचीत करने लगी। इसी दौरान दो युवक भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर महिला को धक्का दिया और फ्लैट के अंदर बंधक बना लिया।

पीड़िता के मुताबिक, बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और गले से सोने की चेन तथा कान की बाली उतरवा ली गई। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। मारपीट में महिला के मुंह में गंभीर चोट आई और उनका एक दांत भी टूट गया।

और पढ़ें: राष्ट्रीय स्तर के पहलवान अमित श्योराण गिरफ्तार, अफीम सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा होने का आरोप

लूटपाट के बाद आरोपी महिला को फ्लैट की बालकनी में बंद करके फरार हो गए। पीड़िता ने किसी तरह शोर मचाकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों ने उन्हें बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही उनके पति बी. एस. पिल्लै मौके पर पहुंचे। वह डिमना स्थित एक ऑटो शोरूम में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बदमाशों ने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था या उन्हें फ्लैट और महिला के बारे में किसी अन्य माध्यम से जानकारी मिली थी।

और पढ़ें: भोपाल में बुजुर्ग से चाकू की नोक पर लूट, मोबाइल और नकदी छीनकर फरार हुए बदमाश

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share