कर्नाटक में डॉक्टर की घर में हत्या, आठ वर्षीय बेटा घायल; पत्नी से पुलिस की गहन पूछताछ
कर्नाटक के धारवाड़ में डॉक्टर किरण होन्ननावर की घर में हत्या कर दी गई। उनका बेटा घायल मिला, जबकि पुलिस पत्नी से पूछताछ कर हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।
कर्नाटक के धारवाड़ में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। शहर के एक अपार्टमेंट में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. किरण होन्ननावर का शव खून से लथपथ हालत में मिला, जबकि उनका आठ वर्षीय बेटा नेहैत चाकू के हमले में घायल पाया गया। पुलिस ने मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मृतक की पत्नी डॉ. प्रियंका कटनहल्ली से लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, डॉ. किरण होन्ननावर चिरायु अस्पताल में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत थे। उनका शव उनके अपार्टमेंट की छठी मंजिल स्थित फ्लैट में मिला। घटना के समय फ्लैट में केवल तीन लोग मौजूद थे—डॉ. किरण, उनकी पत्नी डॉ. प्रियंका और उनका आठ वर्षीय बेटा। बच्चे के शरीर पर चाकू के वार के निशान मिले, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हुब्बल्ली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त एन. ससिकुमार ने बताया कि फ्लैट में जबरन प्रवेश के कोई निशान नहीं मिले हैं। अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था बेहद मजबूत है और हर फ्लैट के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। ऐसे में किसी बाहरी व्यक्ति के अंदर आने की संभावना फिलहाल काफी कम मानी जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बुधवार जब रिश्तेदारों और दोस्तों ने डॉ. किरण से संपर्क करने की कोशिश की, तब डॉ. प्रियंका ने अलग-अलग लोगों को अलग-अलग जानकारी दी। किसी से उन्होंने कहा कि उनके पति आराम कर रहे हैं, जबकि कुछ लोगों को बताया कि वे ड्यूटी पर गए हैं। बाद में जब परिजन फ्लैट पहुंचे तो डॉ. किरण मृत अवस्था में मिले।
जांच अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान डॉ. प्रियंका सदमे में दिखाई दीं और कई सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे सकीं। उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब परिवार के सदस्यों के बयान, घटना के बाद पत्नी के व्यवहार, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पूरी घटना की कड़ी जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के सही समय और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
इस बीच, पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
और पढ़ें: लातूर के मशहूर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मेहुल राठौड़ ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी