फर्जी FMGE सर्टिफिकेट बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने फर्जी FMGE दस्तावेज बनाकर मेडिकल रजिस्ट्रेशन दिलाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया। तीन आरोपी गिरफ्तार हुए, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भारत में मेडिकल प्रैक्टिस के लिए फर्जी FMGE सर्टिफिकेट और परीक्षा दस्तावेज तैयार करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल (MMC) की शिकायत के बाद शुरू हुई। मुंबई स्थित महाराष्ट्र साइबर के नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर नंबर 72/2026 दर्ज की गई है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66, 66(सी) और 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामला उन विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स से जुड़ा है, जिन्होंने विदेश से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। भारत में मेडिकल प्रैक्टिस के लिए पंजीकरण से पहले उन्हें फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन (FMGE) पास करना अनिवार्य था। यह परीक्षा नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) आयोजित करता है।
महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल ने पंजीकरण आवेदनों की जांच के दौरान पाया कि कुछ ऐसे विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स के पास मेडिकल रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट थे, जिन्होंने अनिवार्य FMGE परीक्षा पास नहीं की थी। इसके बाद शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल रिकॉर्ड और सिस्टम लॉग की जांच से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
और पढ़ें: भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता में गतिरोध, आगे बढ़ना बेहद मुश्किल: निर्मला सीतारमण
गिरफ्तार आरोपियों में 28 वर्षीय वरुण प्रतापराव आखाड़े और 26 वर्षीय संकेत प्रभाकर उन्हाले शामिल हैं। दोनों बुलढाणा के निवासी हैं और कथित तौर पर बिना परीक्षा पास किए मेडिकल रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट हासिल कर चुके थे।
जांच के दौरान नासिक जिले के 35 वर्षीय राहुल गोपाल पाटील को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, वह गिरोह का महत्वपूर्ण ऑपरेटर था और फर्जी दस्तावेज तैयार कराने तथा हासिल करने में उसकी भूमिका सामने आई है।
प्राथमिक जांच में करीब 15 से 20 आवेदकों के लिए फर्जी स्कोरकार्ड, सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने की बात सामने आई है। पुलिस बैंक लेनदेन, डिजिटल उपकरण और संचार रिकॉर्ड खंगाल रही है।
और पढ़ें: ईस्ट बंगाल की शानदार जीत, नॉर्थईस्ट यूनाइटेड को 7-2 से हराकर आईएफए शील्ड फाइनल में पहुंचा