महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार बने ई-स्पोर्ट्स गेम्स फेडरेशन के अध्यक्ष
महाराष्ट्र के मंत्री आशीष शेलार ई-स्पोर्ट्स गेम्स फेडरेशन के अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने ई-स्पोर्ट्स को मनोरंजन से आगे बढ़ाकर कौशल, प्रशिक्षण और युवाओं के लिए करियर का क्षेत्र बनाने की बात कही।
महाराष्ट्र के इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विकास और सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार को ई-स्पोर्ट्स गेम्स फेडरेशन (ईएसजीएफ) का अध्यक्ष चुना गया है। उनका चुनाव फेडरेशन की आमसभा की बैठक में हुआ, जिसमें 22 राज्यों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद आशीष शेलार ने कहा कि देश में ई-स्पोर्ट्स को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और पेशेवर स्वरूप देने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उनका उद्देश्य इस क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
शेलार ने कहा कि ई-स्पोर्ट्स को केवल मनोरंजन और गेमिंग तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। इसे युवाओं के लिए कौशल विकास, प्रशिक्षण, अनुशासन और बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने वाले क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठित ढांचे के जरिए ई-स्पोर्ट्स को देश में खेल के अन्य क्षेत्रों की तरह मजबूत आधार दिया जा सकता है।
और पढ़ें: लुधियाना में आईएसआई का कथित जासूसी नेटवर्क उजागर, पाकिस्तान को सीसीटीवी की लाइव पहुंच देने का आरोप
फेडरेशन के अनुसार, भारत में करीब 52 करोड़ गेमर्स हैं, जबकि लगभग 11 करोड़ लोग रोजाना गेम खेलते हैं। देश में 28 अलग-अलग खेलों में टूर्नामेंट आयोजित किए जाते हैं। वहीं, ई-स्पोर्ट्स की दर्शक संख्या करीब 8 से 9 करोड़ आंकी गई है।
ईएसजीएफ का लक्ष्य ई-स्पोर्ट्स के लिए पारंपरिक खेलों की तर्ज पर एक व्यवस्थित व्यवस्था तैयार करना है। इसके तहत राष्ट्रीय टीमों का गठन, खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया, प्रतियोगिताओं का आयोजन, प्रशिक्षण, नियम-कायदे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
फेडरेशन ने उम्मीद जताई कि विभिन्न खेल संगठनों के साथ आशीष शेलार का अनुभव देश में ई-स्पोर्ट्स के विकास को नई गति देगा। उनके नेतृत्व में ई-स्पोर्ट्स को अधिक संगठित और पेशेवर बनाने पर जोर रहेगा।
और पढ़ें: दलित उप-वर्गीकरण को लेकर चिराग पासवान और जीतन राम मांझी आमने-सामने, एक-दूसरे से मांगा इस्तीफा