×
 

महाराष्ट्र में महिला ने दो बच्चों के साथ किले से लगाई छलांग, तीन की मौत; दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज

महाराष्ट्र के धाराशिव में महिला ने दो बच्चों के साथ नलदुर्ग किले से छलांग लगा दी। तीन की मौत हुई, जबकि एक बच्ची घायल है। पति समेत चार आरोपी बनाए गए।

महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां प्रसिद्ध नलदुर्ग किले से एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ कथित तौर पर छलांग लगा दी। हादसे में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद महिला के पति और परिवार के तीन अन्य सदस्यों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 30 वर्षीय अश्विनी मनोहर पोल के रूप में हुई है। वह धाराशिव के वंटाल गांव में अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। गुरुवार को वह अपने पांच वर्षीय बेटे अजिंक्य और ढाई साल की जुड़वां बेटियों वीरा और क्रांति के साथ नलदुर्ग किला घूमने गई थी।

एक अधिकारी ने बताया कि महिला और उसके तीनों बच्चे किले के सबसे ऊंचे हिस्से उपली बुर्ज से नीचे गिर गए। शुरुआती जांच में पुलिस ने आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की थी। हालांकि, बाद में अश्विनी के पिता तानाजी मोहिते ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।

और पढ़ें: एमपीएससी पेपर लीक मामले में ऋतुजा पाटिल कोर्ट में पेश, तीन दिन की पुलिस हिरासत; अन्य आरोपियों की कस्टडी 5 दिन बढ़ी

पुलिस ने अश्विनी के पति मनोहर पोल, ससुर अंकुश पोल और दो महिला रिश्तेदारों को आरोपी बनाया है। सभी आरोपी लातूर जिले के अंबुलगा के रहने वाले बताए गए हैं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

अश्विनी के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करता था। जुड़वां बेटियों को जन्म देने को लेकर भी उसे परेशान किया गया। आरोप है कि उससे पैसे, सोने की चूड़ियां और ऑटो रिक्शा खरीदने के लिए रकम लाने का दबाव बनाया गया।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

और पढ़ें: जालंधर में 6 लाख डॉलर की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार, एफबीआई को थी तलाश

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share