ऑस्ट्रेलिया में नाबालिगों के सोशल मीडिया खातों पर कार्रवाई, मेटा ने 7.56 लाख किशोर अकाउंट हटाए
मेटा ने ऑस्ट्रेलिया में 16 वर्ष से कम उम्र के किशोरों के 7.56 लाख संदिग्ध इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट हटाए हैं। सरकार सोशल मीडिया प्रतिबंध के अनुपालन पर सख्त है।
ऑस्ट्रेलिया में 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर लगाए गए प्रतिबंध को लागू करने की दिशा में मेटा ने बड़ी कार्रवाई की है। फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा ने गुरुवार को बताया कि उसने दिसंबर से जून के बीच 7.56 लाख से अधिक ऐसे अकाउंट हटा दिए, जिनके बारे में उसे संदेह था कि वे 16 वर्ष से कम उम्र के ऑस्ट्रेलियाई किशोरों के हैं।
मेटा के अनुसार, इस अवधि में करीब 4.62 लाख संदिग्ध इंस्टाग्राम अकाउंट और 2.94 लाख संदिग्ध फेसबुक अकाउंट निष्क्रिय किए गए। कंपनी ने बताया कि जनवरी तक उसने 3.31 लाख इंस्टाग्राम और 1.73 लाख फेसबुक अकाउंट हटाए थे। इसके बाद कार्रवाई में काफी तेजी आई है।
ऑस्ट्रेलिया ने दिसंबर में 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रतिबंध लागू किया था। इसे दुनिया में अपनी तरह का पहला व्यापक प्रतिबंध माना गया। हालांकि, सरकारी आंकड़ों और कई स्वतंत्र अध्ययनों में दावा किया गया कि प्रतिबंध लागू होने के शुरुआती तीन महीनों में भी 80 प्रतिशत से अधिक 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चे सोशल मीडिया पर मौजूद थे।
और पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट ने मेटा से राइट्स मैनेजर तक पहुंच की नीति पर मांगी स्पष्टता
मेटा ने कहा है कि वह ऑस्ट्रेलिया के कानून का पालन करने की कोशिश कर रहा है, जबकि कंपनी और कई अन्य सोशल मीडिया मंचों ने इस कानून का खुलकर विरोध किया था। कंपनी ने संकेत दिया है कि वह नियामकीय कार्रवाई की संभावनाओं के बीच अपने प्रयास जारी रखेगी।
ऑस्ट्रेलिया का इंटरनेट नियामक अब उन सोशल मीडिया कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहा है, जिनके बारे में उसका मानना है कि उन्होंने कानून का पालन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं। इनमें मेटा के स्वामित्व वाले कुछ मंच भी शामिल हैं।
इस बीच मेटा ने कहा है कि वह संभावित नियामकीय हस्तक्षेप के बावजूद नाबालिगों के अकाउंट की पहचान और उन्हें हटाने के लिए अतिरिक्त कदम उठाएगा। कंपनी की ताजा कार्रवाई से संकेत मिलता है कि ऑस्ट्रेलिया में सोशल मीडिया पर बच्चों की पहुंच को नियंत्रित करने को लेकर दबाव लगातार बढ़ रहा है।
और पढ़ें: केंद्र ने मेटा से एल्गोरिदम में बदलाव, डीपफेक और भ्रामक पोस्ट हटाने को कहा