×
 

मुंबई के मीरा रोड में बकरीद से पहले बवाल, बकरों को लेकर विवाद के बीच हिंदू संगठनों ने लाया सूअर

मुंबई के मीरा रोड में बकरीद से पहले बकरों को लेकर विवाद हिंसक हो गया। हिंदू संगठनों द्वारा सूअर लाने के बाद तनाव बढ़ा, जबकि पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी।

मुंबई के मीरा रोड इलाके में बकरीद से पहले एक हाउसिंग सोसाइटी में बकरों को रखने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। मामला मीरा रोड स्थित पूनम एस्टेट क्लस्टर-1 सोसाइटी का है, जहां बकरीद के लिए लाए गए बकरों को लेकर जमकर हंगामा हुआ।

पुलिस के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब सोसाइटी में रहने वाले मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने कुर्बानी के लिए लाए गए बकरों को रखने हेतु अस्थायी शेड बनाया। सोसाइटी के कुछ हिंदू निवासियों ने इसका विरोध किया और शिकायत के बाद नगर निगम ने कथित तौर पर उस ढांचे को हटा दिया।

हालांकि, आरोप है कि बाद में फिर से शेड बनाने की कोशिश की गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस और झड़प हो गई। देर रात हुए विवाद में हर्ष सिंह नामक युवक पर ब्लेड से हमला किए जाने की भी बात सामने आई। उसके हाथ में चोट आई, जिसके बाद काशीमीरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई।

और पढ़ें: राहुल गांधी ने सिद्धारमैया को राज्यसभा जाने का दिया सुझाव, कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें तेज

कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता सोसाइटी के बाहर इकट्ठा हुए। उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया और नारेबाजी की। इसी दौरान कुछ युवकों ने एक युवक की कथित तौर पर पिटाई भी की, जिसे बाद में पुलिस ने भीड़ से बचाया।

स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब बजरंग दल से जुड़े कुछ लोग विरोध स्थल के पास एक सूअर लेकर पहुंच गए। पुलिस ने जब सूअर को हटाने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि “मुस्लिम समुदाय के लिए यह सूअर हो सकता है, लेकिन हमारे लिए यह वराह देव हैं।”

बाद में नगर निगम की टीम ने मौके से 42 बकरों को हटाकर पास के एक पशु आश्रय स्थल में पहुंचाया। पुलिस ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

इस बीच भाजपा नेता किरीट सोमैया भी सोसाइटी पहुंचे और निवासियों से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हिंदुओं को डराने की साजिश है और सोसाइटी परिसर में पशु वध की अनुमति नहीं दी जाएगी।

और पढ़ें: कर्नाटक में सिद्धारमैया-शिवकुमार सत्ता संघर्ष की अटकलों को कांग्रेस ने खारिज किया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share