×
 

मुंबई में क्रिकेट मैच के दौरान अंपायर पर हमला, 36 साल बाद आरोपी गिरफ्तार

मुंबई के बोरीवली में 1990 के क्रिकेट मैच में एल्बीडब्ल्यू फैसले को लेकर अंपायर पर बैट से हमला करने वाला आरोपी 36 साल बाद मीरा रोड से गिरफ्तार हुआ।

मुंबई में क्रिकेट मैच के दौरान अंपायर पर हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को 36 साल बाद गिरफ्तार किया है। घटना वर्ष 1990 की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, उस समय क्रिकेट मैच में एल्बीडब्ल्यू के फैसले को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने अंपायर के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया था और वारदात के बाद फरार हो गया था।

यह मामला मुंबई के बोरीवली इलाके का है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 1990 में एक क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान अंपायर ने बल्लेबाज ओमप्रकाश पासी को एल्बीडब्ल्यू आउट दिया था। फैसले से नाराज पासी की अंपायर से बहस हो गई। विवाद बढ़ने के बाद उसने कथित तौर पर अंपायर के सिर पर बैट से हमला कर दिया। हमले में अंपायर को गंभीर चोटें आई थीं।

घटना के बाद बोरीवली पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया था। हालांकि, आरोपी गिरफ्तारी से बचता रहा और कई वर्षों तक पुलिस की पहुंच से बाहर रहा।

और पढ़ें: मुंबई में एयर होस्टेस से दुष्कर्म, ट्रांसजेंडर बनकर साड़ी में घर में घुसा आरोपी

हाल ही में क्राइम प्रिवेंशन स्क्वॉड ने पुराने मामले में तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस को संचार साथी प्रणाली की मदद से आरोपी के नाम पर दर्ज मोबाइल नंबर की जानकारी मिली। मोबाइल की लोकेशन मीरा रोड में मिली।

इसके बाद पुलिस टीम मीरा रोड पहुंची और स्थानीय लोगों से ओमप्रकाश पासी के बारे में पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक, जिस व्यक्ति से टीम जानकारी हासिल कर रही थी, वही आरोपी निकला। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर 1990 की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।

और पढ़ें: मुंबई के नेवी नगर में नौसेना के जवान, पत्नी और दो बच्चों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share