×
 

मुंबई में भारी बारिश और बाढ़ से डब्बावालों ने आज सेवाएं निलंबित कीं

मुंबई में भारी बारिश और बाढ़ के कारण डब्बावालों ने सेवाएं स्थगित कर दी हैं। जलभराव और रेलवे बाधा से डिलीवरी प्रभावित हुई, कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।

मुंबई के प्रसिद्ध ‘डब्बावाला’ समूह ने सोमवार (6 जुलाई 2026) को भारी बारिश, जलभराव और पश्चिम रेलवे सेवाओं में बाधा के कारण अपनी लंचबॉक्स डिलीवरी सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। यह निर्णय लगातार हो रही तेज बारिश और शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए लिया गया है।

डब्बावाला संघ ने स्पष्ट किया कि यह फैसला पूरी तरह से एहतियात के तौर पर लिया गया है, ताकि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। संगठन ने ग्राहकों से असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।

डब्बावाला संघ के अध्यक्ष उल्हास मुके ने बताया कि विरार–वसई क्षेत्र में भारी बारिश के कारण कई डब्बावालों के घरों में पानी भर गया है। इसके अलावा कई रेलवे स्टेशनों पर भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे यात्रा करना मुश्किल और असुरक्षित हो गया है इसलिए कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए आज सेवाएं स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।”

और पढ़ें: फिलीपींस सीनेट में सारा दुतेर्ते के खिलाफ महाभियोग सुनवाई शुरू

संघ ने यह भी बताया कि पश्चिम रेलवे की कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे समय पर डिलीवरी करना संभव नहीं हो पा रहा था। मुंबई की डब्बावाला प्रणाली पूरी तरह से उपनगरीय रेलवे नेटवर्क पर निर्भर करती है, इसलिए ट्रेन सेवाओं में बाधा का सीधा असर उनकी कार्यप्रणाली पर पड़ता है।

लगातार खराब मौसम और परिवहन व्यवस्था में बाधा को देखते हुए संगठन ने पूरे दिन के लिए सेवाएं रोकने का निर्णय लिया।

डब्बावाला संघ ने कहा कि 125 साल पुरानी परंपरा होने के बावजूद कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुंबई के डब्बावाले दुनिया भर में अपनी सटीक और कुशल लंचबॉक्स डिलीवरी प्रणाली के लिए प्रसिद्ध हैं, लेकिन इस बार भारी बारिश ने शहर की इस विश्वसनीय सेवा को भी प्रभावित किया है।

और पढ़ें: कीव पर रूसी हमलों में 9 की मौत, नाटो शिखर सम्मेलन से पहले तनाव चरम पर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share