मानसून में मुंबई में 24 बार आएगा 4.5 मीटर से अधिक ऊंचा ज्वार, बीएमसी ने जारी की सलाह
मुंबई में मानसून के दौरान 24 बार 4.5 मीटर से अधिक ऊंचा ज्वार आएगा। बीएमसी ने लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
मुंबई में इस वर्ष मानसून के दौरान 4.5 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले 24 उच्च ज्वार (हाई टाइड) आने की संभावना है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए नागरिकों को सतर्क रहने और समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह जारी की है।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, जून से सितंबर तक कुल 24 बार समुद्र में 4.5 मीटर से अधिक ऊंचे ज्वार उठेंगे। इनमें जून और जुलाई में छह-छह, अगस्त में पांच तथा सितंबर में सात उच्च ज्वार शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि उच्च ज्वार का पहला दौर 14 जून से 19 जून के बीच रहेगा। इस दौरान लहरों की ऊंचाई 4.64 मीटर से 4.87 मीटर तक पहुंच सकती है। वहीं, इस मानसून का सबसे ऊंचा ज्वार 16 जुलाई को आने का अनुमान है, जब समुद्री लहरें 4.89 मीटर तक पहुंच सकती हैं।
और पढ़ें: दिल्ली होटल अग्निकांड: मौत भी नहीं कर सकी जुदा, एक-दूसरे की बांहों में मिले अफ्रीकी दंपति के शव
बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि हाई टाइड के दौरान समुद्र तटों, चट्टानी किनारों और तटीय क्षेत्रों में जाने से बचें। साथ ही समय-समय पर प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से समुद्र किनारे स्थित निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पिछले वर्ष भी मुंबई में 4.96 मीटर ऊंचा ज्वार दर्ज किया गया था, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों को समुद्री तटों से दूर रहने की चेतावनी दी थी।
इस बीच, पिछले सप्ताह मुंबई और आसपास के इलाकों में प्री-मानसून बारिश ने दस्तक दी। दादर, माटुंगा, खार, चेंबूर, मानखुर्द, कुर्ला, सांताक्रूज, विले पार्ले, अंधेरी और वर्सोवा सहित कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हुई। कुछ इलाकों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बीएमसी ने कहा है कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।